कुछ रोगों की शुरुआत से पहले हमारा शरीर कुछ खास तरह के संकेतों के द्वारा हमें सचेत करने का प्रयास करता है। यदि आपको पेशाब के दौरान जलन या हल्का दर्द महसूस होता है, तो इसे साधारण समझकर नजरअंदाज बिल्कुल न करें। क्योंकि अक्सर लोग इसे साधारण समस्या समझ कर टालते रहते हैं, लेकिन यह कई बार गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है। यदि आप भी पेशाब के दौरान होने वाली जलन से परेशान हैं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने का प्रयास करें। आइए जानते हैं पेशाब में जलन होने की वजहों के बारे में विस्तार से...
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (Urinary Tract Infection) मूत्रमार्ग से जुड़ी एक समस्या है, जिससे ज्यादातर महिलाएं प्रभावित होती हैं। यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन का कारण हमारे मूत्र मार्ग बैक्टीरिया का प्रवेश कर जाना है। यदि आपको पेशाब में जलन और दर्द, दिन में बार-बार पेशाब आना, पेशाब के साथ दुर्गंध जैसे लक्षण दिखते हैं, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।
किडनी की समस्या
यदि आपको पेशाब में जलन और कमर के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हो रहा है, तो यह किडनी में समस्या का संकेत है। ये आपको किडनी इन्फेक्शन या पथरी का संकेत हो सकता है। इसके अलावा किडनी में इन्फेक्शन और पथरी होने पर आपको पेशाब में खून, बुखार रहना, मतली और उल्टी या पेशाब में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डायबिटीज
डायबिटीज की समस्या होने पर भी आपको यूरिन में जलन की समस्या हो सकती है। क्योंकि खून में शुगर की मात्रा बढ़ने से मूत्र मार्ग में बैक्टीरिया की बढ़ोत्तरी हो जाती है। जिससे आपको जलन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा कई बार प्यास लगना, थकान, और कमजोरी भी डायबिटीज के लक्षण हैं।
प्रोस्टेट की समस्या
प्रोस्टेट में किसी तरह की समस्या होने पर भी आपको पेशाब के दौरान जलन और दर्द का अनुभव हो सकता है। प्रोस्टेट कैंसर की समस्या भी आज तेजी से लोगों में देखने को मिल रही है। इसलिए यदि आपको इस तरह का कोई लक्षण दिखाई दे तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
