हेल्थ

बेमौसम बारिश के बाद शरीर पर मौसम की मार, जानें अचानक बदलते तापमान से कैसे बढ़ सकती हैं माइग्रेन और सिरदर्द की परेशानियां

बेमौसम बारिश और तापमान में अचानक बदलाव का असर सिर्फ मौसम पर नहीं, हमारी सेहत पर भी पड़ सकता है। कुछ लोगों में सिरदर्द और माइग्रेन की परेशानी बढ़ सकती है। जानिए इसके पीछे की वजह और बचाव के आसान तरीके

Image

Does Weather changes causes migraine

कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश और फिर ठंडी हवाएं... अक्टूबर के बदलते मौसम का मिजाज इन दिनों लोगों को हैरान कर रहा है। ऐसे में लगातार बदलते मौसम में शरीर को भी बार-बार तापमान के साथ तालमेल बैठाना पड़ता है। इस बदलाव का असर कुछ लोगों को सिरदर्द, भारीपन और माइग्रेन के रूप में महसूस हो सकता है। खासकर वे लोग जिन्हें पहले से माइग्रेन की समस्या है, उनके लिए मौसम में अचानक बदलाव परेशानी बढ़ा सकता है।

    कई बार सिर में हल्का दर्द शुरू होता है और धीरे-धीरे काम करने, मोबाइल देखने या साधारण से काम करने में भी मुश्किल होने लगती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सचमुच मौसम का बदलता मिजाज सिरदर्द को बढ़ा सकता है? जानें कैसे मौसम, हवा के दबाव और नमी में बदलाव कुछ लोगों के लिए सिरदर्द का ट्रिगर बन सकते हैं।

    मौसम बदलने से होता है सिरदर्द

    मौसम में अचानक बदलाव होने पर तापमान और हवा का दबाव भी बदल सकता है। कुछ लोगों का शरीर इन बदलावों के प्रति बहुत ही ज्यादा सेंसिटिव होते हैं। ऐसे में उन्हें सिर में दर्द, आंखों के आसपास दबाव या भारीपन महसूस हो सकता है। माइग्रेन से परेशान लोगों में तेज रोशनी, नींद की कमी और मौसम का बदलाव भी दर्द को बढ़ाने वाले कारण बन सकते हैं।

    ये हो सकते हैं संकेत

    माइग्रेन में सिर के एक हिस्से में तेज दर्द, मतली, उल्टी, रोशनी और आवाज से परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। वहीं सामान्य सिरदर्द में पूरे सिर में दबाव या भारीपन महसूस हो सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति में इसके लक्षण अलग हो सकते हैं। अगर सिरदर्द बार-बार हो रहा है या रोजमर्रा के काम प्रभावित कर रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

    आदतों में लाएं बदलाव

    अगर आपको भी बदलते मौसम के साथ बहुत सिरदर्द हो रहा है, तो कुछ सामान्य रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करना आवश्यक और असरदार हो सकता है।

    • शरीर में पानी की कमी होने से सिरदर्द हो सकता है। ऐसे में सिरदर्द दूर करने के लिए पानी पीते रहें। पानी में नमक डालकर पीने से भी सिरदर्द ठीक हो सकता है।
    • खाने का समय तय रखें और लंबे समय तक खाली पेट न रहें।
    • रोजाना पर्याप्त नींद लें और सोने-जागने का समय नियमित रखें।
    • बहुत तेज धूप या तेज रोशनी में लंबे समय तक रहने से बचें।
    • लगातार मोबाइल और लैपटॉप देखने के बीच आंखों को आराम दें।

    अगर बार बार सिरदर्द या भारीपन महसुस हो रहा है, तो खुद से दवा लेने की जगह डॉक्टर से संपर्क करना बेहतर हो सकता है।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article