हेल्थ

भारतीयों की सबसे बड़ी हेल्थ मिस्टेक जंक फूड नहीं, डॉक्टरों के मुताबिक है ये आदत

Health Mistakes: जंक फूड कभी-कभार खाना आपकी सबसे बड़ी हेल्थ मिस्टेक नहीं है। असली गलती तब होती है जब हम यह मान लेते हैं कि अगर हम ठीक महसूस कर रहे हैं, तो हमें कोई बीमारी हो ही नहीं सकती।

Image

भारतीयों की सबसे बड़ी हेल्थ मिस्टेक

Health Mistakes: सेहत को लेकर आज के समय में लोग पहले से ज्यादा जागरूक हो गए हैं। कोई चीनी कम खा रहा है, कोई बाजरे जैसी हेल्दी चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर रहा है, तो कोई रोज जिम जाकर पसीना बहा रहा है। सोशल मीडिया के दौर में ज्यादातर लोग फिटनेस इन्फ्लुएंसर्स को देखकर अपनी लाइफस्टाइल भी बदल रहे हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इन सबके बावजूद लोग एक ऐसी बड़ी गलती कर रहे हैं, जो उनकी सेहत पर भारी पड़ सकती है।

सालों तक बिना लक्षण के बढ़ती रहती हैं कई बीमारियां

डॉक्टरों के अनुसार, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल और हाई ब्लड प्रेशर जैसी कई बीमारियां शुरुआत में कोई खास लक्षण नहीं दिखातीं। इंसान खुद को पूरी तरह स्वस्थ महसूस करता रहता है, लेकिन शरीर के अंदर बीमारी धीरे-धीरे बढ़ रही होती है। जब तक इसके संकेत नजर आते हैं, तब तक कई बार बीमारी काफी गंभीर हो चुकी होती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में बड़ी संख्या में लोग डायबिटीज के खतरे में हैं, लेकिन उन्हें इसका पता ही नहीं होता क्योंकि वे समय-समय पर ब्लड टेस्ट या हेल्थ चेकअप नहीं कराते।

सिर्फ फिट दिखना ही स्वस्थ होने की निशानी नहीं

आजकल लोग अपने वजन, बॉडी शेप और फिटनेस पर खूब ध्यान देते हैं। हेल्दी खाना खाते हैं, रोज एक्सरसाइज करते हैं और अच्छी नींद लेने की कोशिश भी करते हैं। ये सभी अच्छी आदतें हैं, लेकिन सिर्फ इन्हीं के भरोसे यह नहीं कहा जा सकता कि आपका शरीर अंदर से भी पूरी तरह स्वस्थ है। कई बार बाहर से बिल्कुल फिट दिखने वाले लोगों में भी हाई कोलेस्ट्रॉल, फैटी लिवर, डायबिटीज या दिल से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इनका पता सिर्फ मेडिकल जांच से ही चलता है।

व्यस्त जिंदगी में हेल्थ चेकअप सबसे पीछे छूट जाता है

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग काम, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियों में इतने व्यस्त रहते हैं कि अपनी सेहत के लिए समय ही नहीं निकाल पाते। यही वजह है कि नियमित हेल्थ चेकअप उनकी प्राथमिकता में शामिल नहीं होता।

डॉक्टरों का कहना है कि साल में सिर्फ एक बार हेल्थ चेकअप कराने से कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती दौर में पता लगाया जा सकता है। इससे इलाज आसान हो जाता है और भविष्य में होने वाली बड़ी परेशानियों से बचा जा सकता है।

नाश्ता छोड़ना भी बन सकता है परेशानी की वजह

डॉक्टर एक और आम गलती की ओर भी ध्यान दिलाते हैं। कई लोग सुबह जल्दी में नाश्ता नहीं करते या उसे छोड़ देते हैं। ऐसा करने से दिनभर थकान महसूस हो सकती है, बाद में ज्यादा भूख लगने के कारण जरूरत से ज्यादा खाना खा लिया जाता है और धीरे-धीरे इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए सुबह का हेल्दी नाश्ता भी अच्छी सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।

साल में एक बार हेल्थ चेकअप जरूर कराएं

डॉक्टरों की सलाह है कि चाहे आप खुद को पूरी तरह फिट महसूस करते हों, फिर भी साल में कम से कम एक बार अपना हेल्थ चेकअप जरूर कराएं। इसमें ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, लिवर और किडनी से जुड़े जरूरी टेस्ट शामिल हो सकते हैं। समय रहते बीमारी का पता चल जाए तो उसका इलाज आसान हो जाता है और गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article