हेल्थ

घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा

Work From Home Weight Gain: क्या आपने कभी सोचा है कि वर्क फ्रॉम होम के दौरान वजन क्यों बढ़ने लगता है? जानें इसके पीछे जिम्मेदार लंबे समय तक बैठे रहने, बार-बार स्नैकिंग, खराब नींद और दूसरी छिपी वजहों के बारे में।

Image

जानिए घर से काम करने के दौरान मोटापा क्यों घेर लेता है

Work From Home Weight Gain: वर्क फ्रॉम होम ने लोगों की जिंदगी आसान जरूर बनाई है, लेकिन इसके साथ एक नई परेशानी भी सामने आई है - धीरे-धीरे बढ़ता वजन। कई लोगों की शिकायत होती है कि वे पहले जितना ही खाना खा रहे हैं, फिर भी पेट निकलने लगा है या कपड़े टाइट होने लगे हैं। ऐसा सिर्फ ज्यादा खाने की वजह से नहीं होता। घर से काम करते समय हमारी रोजमर्रा की कई आदतें बदल जाती हैं। चलना-फिरना कम हो जाता है, बार-बार कुछ खाने का मन करता है और काम के बीच आराम भी कम मिलता है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. जयदीप घोष बताते हैं कि वर्क फ्रॉम होम के दौरान बदली हुई दिनचर्या शरीर पर धीरे-धीरे असर डालती है और यही वजन बढ़ने की एक बड़ी वजह बन सकती है।

दिनभर बैठे रहने से शरीर कम कैलोरी खर्च करता है

ऑफिस जाने के दौरान सीढ़ियां चढ़ना, पार्किंग तक चलना या सहकर्मियों के पास जाना जैसी छोटी-छोटी गतिविधियां भी शरीर को एक्टिव रखती हैं। लेकिन घर से काम करते समय कई लोग घंटों एक ही जगह बैठे रहते हैं। ऐसे में शरीर कम ऊर्जा खर्च करता है। अगर खाना पहले जितना ही खाया जाए, तो बची हुई ऊर्जा धीरे-धीरे शरीर में चर्बी के रूप में जमा होने लगती है।

घर में बार-बार कुछ खाने की आदत भी पड़ जाती है

वर्क फ्रॉम होम में किचन हमेशा पास होता है। इसलिए कई लोग काम करते-करते चाय, बिस्कुट, नमकीन या मीठी चीजें खाते रहते हैं। कई बार भूख नहीं होती, फिर भी आदत या बोरियत में कुछ न कुछ खा लिया जाता है। यही छोटी-छोटी चीजें दिनभर में काफी ज्यादा कैलोरी बढ़ा देती हैं और वजन बढ़ने लगता है।

तनाव और पूरी नींद न लेना भी बन सकते हैं वजह

घर से काम करते समय कई लोगों का काम का समय तय नहीं रहता। देर रात तक लैपटॉप चलाना, मोबाइल देखना और काम का तनाव नींद खराब कर सकता है। जब नींद पूरी नहीं होती, तो अगले दिन ज्यादा भूख लग सकती है और मीठा या तला-भुना खाने का मन भी ज्यादा करता है। यही आदत धीरे-धीरे वजन बढ़ाने लगती है।

काम के बीच थोड़ा चलना-फिरना भी जरूरी है

डॉ. जयदीप घोष के मुताबिक, हर एक घंटे में 5 मिनट के लिए कुर्सी से उठकर चलना, हल्की स्ट्रेचिंग करना और रोज कम से कम आधा घंटा किसी न किसी तरह की शारीरिक गतिविधि करना जरूरी है। साथ ही समय पर खाना खाना, पर्याप्त पानी पीना और पैकेट वाले स्नैक्स की जगह फल या घर का हल्का नाश्ता चुनना वजन को नियंत्रित रखने में मदद करता है।

छोटी आदतें बदलें तो वजन कंट्रोल रहेगा

वर्क फ्रॉम होम में वजन एक दिन में नहीं बढ़ता, बल्कि रोज की छोटी-छोटी गलतियों का असर धीरे-धीरे दिखता है। अगर समय पर खाना खाया जाए, बीच-बीच में शरीर को चलाया जाए, अच्छी नींद ली जाए और बिना भूख के खाने से बचा जाए, तो बढ़ते वजन को काफी हद तक रोका जा सकता है। फिट रहने के लिए किसी बड़े बदलाव की नहीं, बल्कि रोज की अच्छी आदतों की जरूरत होती है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article