Bad habits For Kidneys In Hindi: किडनी हमारे शरीर का वो हिस्सा है, जो हर पल बिना रुके मेहनत करता है। यह खून साफ करती है, शरीर से फालतू पानी और जहरीले पदार्थ बाहर निकालता है। लेकिन सोचिए, अगर यही किडनी धीरे-धीरे खराब होने लगे और हमें पता भी न चले, तो क्या होगा? हैरानी की बात ये है कि हमारी कुछ रोज की आदतें ही इसकी सबसे बड़ी दुश्मन बन रही हैं। हम अनजाने में जो कुछ करते हैं वहॉ हमारी किडनी को धीरे-धीरे खोखला कर देता है। तो चलिए जानते हैं कौन-सी हैं वो आदतें जिन्हें आज ही बदलना जरूरी है।
किडनी को कमजोर बनाने वाली आदतें - Habits That Weaken Kidneys In Hindi
कम पानी पीना
हम दिनभर भागदौड़ में लगे रहते हैं, लेकिन पानी पीने की फुर्सत नहीं निकालते। यही आदत किडनी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो टॉक्सिन्स किडनी में जमा होने लगते हैं। इससे किडनी को जरूरत से ज़्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जो धीरे-धीरे उसे कमजोर कर देती है।
ज्यादा नमक
अक्सर लोग खाने में ऊपर से भी नमक डाल लेते हैं, चिप्स, अचार, नमकीन जैसी चीजें भी खूब खाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा नमक किडनी पर बुरा असर डालता है? ये ब्लड प्रेशर बढ़ाता है, और हाई ब्लड प्रेशर किडनी फेल होने का सबसे बड़ा कारण है।
दर्द की गोली को हल्के में लेना
सर दर्द हो या बदन में अकड़न, लोग झट से पेनकिलर खा लेते हैं। लेकिन बार-बार ली जाने वाली ये गोलियां आपकी किडनी के लिए ज़हर का काम करती हैं। खासकर नॉन-स्टेरॉइडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स (NSAIDs) लंबे समय तक लेने से किडनी डैमेज हो सकती है।
मीठा ज्यादा खाना
बहुत ज्यादा चीनी या मीठा खाने से डायबिटीज का खतरा बढ़ता है, और डायबिटीज किडनी फेल होने की सबसे आम वजह है। सॉफ्ट ड्रिंक्स, मिठाइयां, बिस्किट, पैकेज्ड जूस- ये सब धीरे-धीरे आपकी किडनी को नुकसान पहुंचाते हैं।
पूरी नींद न लेना
अगर आप रोज की नींद पूरी नहीं करते तो आपकी किडनी भी थक जाती है। सोते समय शरीर खुद को रिपेयर करता है, लेकिन जब नींद अधूरी रह जाती है, तो किडनी पर असर पड़ता है। कम नींद से ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल भी गड़बड़ाने लगते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
