हेल्थ

रिपोर्ट में सब नॉर्मल फिर भी नहीं हो रही प्रेग्नेंसी, कहीं गर्भ का वातावरण तो नहीं वजह, क्या कहता है आयुर्वेद

  • Authored by: Vineet
  • Updated Dec 17, 2025, 01:25 PM IST

Ayurveda Baby Conceive Tips: आज के समय में कई महिलाओं के साथ यह समस्या सभी मेडिकल रिपोर्ट नॉर्मल होने के बावजूद प्रेग्नेंसी नहीं ठहरती। ऐसे में उन्हें हमेशा यही बात परेशान करती है कि आखिर इसके पीछे की वजह क्या है? आयुर्वेद बताता है कि गर्भधारण के लिए सिर्फ रिपोर्ट नहीं, बल्कि इसके लिए गर्भ का सही वातावरण भी जरूरी है। चलिए इस विषय पर आयुर्वेद के एक्सपर्ट डॉक्टर से विस्तार से जानते हैं...

गर्भ का वातावरण क्यों सही होना चाहिए

गर्भ का वातावरण क्यों सही होना चाहिए (PC- AI)

Ayurveda Baby Conceive Tips: बहुत से कपल्स के साथ अक्सर देखने को मिलते हैं कि वे ट्राई तो काफी करते हैं लेकिन प्रेग्नेंसी नहीं होती है। ऐसे में अक्सर महिलाएं डॉक्टर से एक ही सवाल पूछती हैं - डॉक्टर, सारी रिपोर्ट नॉर्मल हैं, फिर भी प्रेग्नेंसी क्यों नहीं हो रही? यह सवाल जितना आम है, उतना ही भावनात्मक भी। आज के समय में मेडिकल टेस्ट काफी एडवांस हो चुके हैं, लेकिन फिर भी कई बार जवाब नहीं मिल पाता। आयुर्वेद कहता है कि सिर्फ रिपोर्ट देखना काफी नहीं, गर्भधारण के लिए गर्भ का पूरा वातावरण सही होना भी उतना ही जरूरी है। यही बात आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ चंचल शर्मा समझाती हैं। चलिए जानते हैं गर्भ का वातावरण प्रेग्नेंसी में कैसे भूमिका निभाता है।

गर्भ का वातावरण क्या होता है

आयुर्वेद के अनुसार गर्भधारण सिर्फ अंडाणु और शुक्राणु मिलने का नाम नहीं है। इसके लिए गर्भाशय का पूरा माहौल हेल्दी होना चाहिए। जैसे बीज बोने से पहले जमीन तैयार की जाती है, वैसे ही गर्भ ठहरने से पहले शरीर को तैयार करना जरूरी है। अगर अंदर का वातावरण सही नहीं होगा, तो गर्भ ठहरना या टिकना दोनों मुश्किल हो सकता है।

गर्भधारण के नियमों पर आयुर्वेद क्या कहता है

डॉ. चंचल बताती हैं कि आयुर्वेद में साफ कहा गया है - क्षेत्रं बीजं ऋतु अम्बु सम्यक् गर्भस्य हेतु:। यानी सही समय और हार्मोनल बैलेंस, स्वस्थ गर्भाशय और ट्यूब्स, अंडाणु-शुक्राणु की अच्छी गुणवत्ता और सही पोषण व रक्त संचार - इन चारों का संतुलन जरूरी है। इनमें से किसी एक में भी गड़बड़ी हुई, तो प्रेग्नेंसी में परेशानी आ सकती है।

आजकल गर्भ का वातावरण क्यों बिगड़ रहा है

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं खुद पर ध्यान ही नहीं दे पातीं। देर रात तक जागना, लगातार तनाव, समय पर खाना न खाना, जंक और प्रोसेस्ड फूड, मोबाइल और स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल - ये सब आदतें धीरे-धीरे शरीर के संतुलन को बिगाड़ देती हैं। आयुर्वेद के अनुसार इससे वात और पित्त बढ़ता है, जिससे गर्भाशय में सूजन और लाइनिंग कमजोर हो सकती है।

कमजोर गर्भ वातावरण के संकेत क्या हैं

शरीर समय-समय पर संकेत देता है, बस हमें उन्हें समझने की ज़रूरत है। बार-बार पीरियड्स का लेट होना, ओवुलेशन के बावजूद प्रेग्नेंसी न होना, IVF या IUI का बार-बार फेल होना, पतली गर्भाशय लाइनिंग, फैलोपियन ट्यूब की समस्या या बार-बार गर्भपात - ये सब गर्भ वातावरण के कमजोर होने के संकेत हो सकते हैं।

गर्भ के वातावरण को आयुर्वेद कैसे करता है ठीक

डॉ चंचल शर्मा के अनुसार आयुर्वेद में इलाज लक्षण नहीं, जड़ से किया जाता है। पंचकर्म की उत्तरबस्ती जैसी प्रक्रियाएं गर्भाशय की सफाई करती हैं, सूजन कम करती हैं और ब्लड फ्लो बेहतर बनाती हैं। साथ ही धातु पोषण से रस, रक्त और शुक्र धातु को मजबूत किया जाता है। आयुर्वेद यह भी मानता है कि तनाव और नकारात्मक सोच गर्भधारण में बड़ी रुकावट बन सकती है, इसलिए योग और ध्यान से मन को शांत रखना बेहद ज़रूरी है।

हेल्दी प्रेग्नेंसी के लिए छोटी लेकिन काम की आदतें

अगर आप प्रेग्नेंसी प्लान कर रही हैं, तो अपनी दिनचर्या पर थोड़ा ध्यान दें। समय पर सोना, ताजा और हल्का भोजन करना, तिल के तेल से पेट के निचले हिस्से की मालिश, हल्का योग और सबसे जरूरी - सकारात्मक सोच। याद रखें, जब शरीर और मन दोनों तैयार होते हैं, तभी गर्भधारण आसान होता है।

Vineet
Vineet author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article