हेल्थ

शरीर और मन दोनों को मजबूत बनाता है अष्ट कुंभक, रोज करने से मिलते हैं ये जबरदस्त फायदे

Ashta Kumbhaka health benefits in hindi: अष्ट कुंभक योग की एक प्रभावी प्रक्रिया है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों को बेहतर बनाती है। इसमें आठ प्रकार के प्राणायाम शामिल होते हैं, जो श्वसन तंत्र को मजबूत करते हैं, तनाव कम करते हैं और मेटाबॉलिज्म सुधारते हैं। नियमित अभ्यास से शरीर ऊर्जावान रहता है और मन को शांति मिलती है।

Image

अष्ट कुंभक के फायदे क्या होते हैं

Ashta Kumbhaka health benefits in hindi: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सिर्फ शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति की भी तलाश में रहते हैं। ऐसे में योग एक भरोसेमंद उपाय बनकर सामने आता है। मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा के अनुसार अष्ट कुंभक एक विशेष योग अभ्यास है, जो शरीर और मन दोनों को संतुलन में रखता है। इसमें शामिल प्राणायाम तकनीकें सेहत को अंदर से मजबूत बनाती हैं।

अष्ट कुंभक क्या है

अष्ट कुंभक का उल्लेख प्राचीन ग्रंथ हठ योग प्रदीपिका में मिलता है। यह योग की एक उन्नत प्रक्रिया है, जिसमें आठ अलग-अलग प्रकार की प्राणायाम तकनीकें शामिल होती हैं। इसका मुख्य उद्देश्य श्वसन प्रणाली को मजबूत करना और शरीर की सूक्ष्म ऊर्जाओं को जागृत करना है। सही तरीके से अभ्यास करने पर यह योग साधना गहरे स्तर पर असर दिखाती है।

अष्ट कुंभक में शामिल प्राणायाम

अष्ट कुंभक के अंतर्गत सूर्य भेदन, उज्जायी, सीतकारी, शीतली, भस्त्रिका, भ्रामरी, मूर्छा और प्लाविनी प्राणायाम आते हैं। ये सभी तकनीकें मिलकर शरीर में ऑक्सीजन के प्रवाह को बेहतर बनाती हैं। साथ ही यह मन को शांत रखने और नकारात्मक विचारों को कम करने में मदद करती हैं।

अष्ट कुंभक करने की सही विधि

विशेषज्ञों के अनुसार अष्ट कुंभक का अभ्यास शांत और स्वच्छ स्थान पर बैठकर करना चाहिए। शुरुआत में कुछ मिनट ध्यान करना जरूरी होता है, ताकि मन एकाग्र हो सके। इसके बाद सभी आठों प्राणायाम तकनीकों को क्रमबद्ध तरीके से किया जाता है। हर प्राणायाम को 5 से 10 बार दोहराना पर्याप्त माना जाता है, लेकिन श्वास की सही तकनीक पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।

शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभ

नियमित रूप से अष्ट कुंभक करने से शारीरिक ताकत और सहनशक्ति में वृद्धि होती है। यह श्वसन तंत्र को मजबूत बनाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करता है। इसके अलावा मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे वजन को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है और शरीर अधिक ऊर्जावान महसूस करता है।

मानसिक शांति और सावधानियां

अष्ट कुंभक मानसिक स्थिरता बढ़ाने और तनाव को कम करने में भी सहायक माना जाता है। इससे ध्यान क्षमता और मानसिक स्पष्टता में सुधार होता है। हालांकि जिन लोगों को पहले से कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें यह योग अभ्यास शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग विशेषज्ञ की सलाह जरूर लेनी चाहिए। मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा इसे सभी आयु वर्ग के लिए लाभकारी मानता है।

Inputs: IANS

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article