Yoga For Women: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग बहुत ही जरूरी माना जाता है। नियमित रूप से योग का अभ्यास करने से शरीर की कई समस्याएं दूर होती हैं। मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, हाई शुगर, थायराइड, पीरियड्स प्रॉबलम्स जैसी समस्याओं को कम करने के लिए योग का सहारा लेना चाहिए। योगासन से शरीर की समस्याएं प्रभावी ढंग से दूर होती हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे आसन हैं, जिनका अभ्यास महिलाओं को नियमित रूप से करना चाहिए। इन आसन को करने से पीठ दर्द, कमर दर्द, पीरियड्स की समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही शरीर को कई अन्य फायदे हो सकते हैं।
महिलाओं के लिए योगासन
कंधरासन - कंधरासन का अभ्यास महिलाओं को नियमित रूप से करना चाहिए। इस मुद्रा को करने से कंधों पर जोर पड़ता है, जो गर्दन में होने वाले दर्द से राहत दिला सकता है। नियमित रूप से दिन में 10 बार इस योग का अभ्यास करने से प्रजनन अंगों को मजबूती मिलती है। साथ ही इससे गर्भपात का खतरा भी कम होता है। रीढ़ की हड्डियों में होने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए यह योग फायदेमंद है। इसके अलावा यह योग हर्नियां, पेट दर्द, गर्दन दर्द से भी राहत दिला सकता है।
नौकासन - नियमित रूप से नौकासन का अभ्यास करने से महिलाओं में ओवरी और यूट्रस से जुड़ी परेशानियां दूर हो सकती हैं। इस योगासन में नाव या नौक के समान मुद्रा होती है। नियमित रूप से दिन में 8 से 10 बार इस योग का अभ्यास करने से रीढ़ की हड्डी, पीठ और आंत को मजबूती मिल सकती है। साथ ही यह कमर दर्द से भी छुटकारा दिला सकता है।
गोमुखासन - महिलाओं के लिए गौमुखासन योग काफी प्रभावी माना जाता है। नियमित रूप से इस योग को करने से पीठ में दर्द, पीरियड्स में होने वाली ऐंठन, कब्ज, गठिया इत्यादि को दूर किया जा सकता है। इतना ही नहीं, यह बवासीर रोगियों के लिए भी काफी फायदेमंद योग माना जाता है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

