Vitamin E deficiency : विटामिन ई की कमी के ये हैं लक्षण और निवारण, दूर करने के लिए खाएं ये 4 चीजें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 3, 2022, 06:17 PM IST

Vitamin E deficiency : हेल्दी स्किन, शाइनी बालों और आंखों की रोशनी के लिए विटामिन ई काफी फायदेमंद होता है। अगर शरीर में विटामिन ई की कमी हो जाए तो ब्रेन हैमरेज और हार्ट अटैक जैसी कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। विटामिन ई की कमी के कुछ लक्षण होते हैं, जिन्हें पहचानकर आप इस कमी को पूरा कर सकते हैं।

Vitamin E deficiency : विटामिन ई की कमी के ये हैं लक्षण और निवारण, दूर करने के लिए खाएं ये 4 चीजें

Vitamin E Home Remedies : शरीर के स्वास्थ्य के लिए प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स बहुत जरूरी होते हैं। इन जरूरी पोषक तत्वों में से एक होता है विटामिन ई। विटामिन ई आंखों की रोशनी बढ़ाने से लेकर हेल्दी स्किन और स्वस्थ बालों के लिए बहुत जरूरी होता है। अगर शरीर को विटामिन ई आवश्यक मात्रा में न मिले तो इससे ब्रेन हैमरेज, कमजोर इम्यून सिस्टम और हार्ट अटैक जैसी कई गंभीर बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में शरीर को पर्याप्त मात्रा में विटामिन ई का मिलना बहुत जरूरी होता है। शरीर में विटामिन ई की कमी होने के कुछ लक्षण होते हैं, जिन पर समय रहते ध्यान दिया जाए तो इस कमी को पूरा किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं क्या हैं विटामिन ई की कमी के लक्षण और इसे दूर करने के क्या हैं घरेलू उपाय।

विटामिन ई की कमी के लक्षण 

यदि शरीर में विटामिन ई की कमी होने लगे तो इसके लक्षण साफ तौर पर दिखने लग जाते हैं। हालांकि, कई बार इन लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जाता तो आगे चलकर बड़ी बीमारी में बदल जाती हैं। शरीर के अंगों का बार-बार सुन्न होना, मांसपेशियों में कमजोरी और दर्द का एहसास, बार-बार सर्दी लग जाना, कमजोर इम्यूनिटी, आखों की रोशनी का कमजोर होना, ये कुछ ऐसे लक्षण हैं, जो विटामिन ई की कमी को बताते हैं। अगर इन लक्षणों पर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो गंभीर बीमारी हो सकती है। इसलिए अगर आपको भी ये लक्षण दिखे तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। इसके साथ ही आप कुछ घरेलू उपाय अपनाकर और अपनी डाइट में कुछ चीजों को शामिल कर इस कमी को दूर कर सकते हैं।

विटामिन ई की कमी को दूर करने के लिए अपनी डाइट में इन चीजों को करें शामिल

बादाम से पूरी होगी विटामिन ई की कमी
बादाम को विटामिन ई का अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसमें प्रचुर मात्रा में विटामिन ई पाया जाता है। इसलिए विटामिन ई की कमी की पूर्ति के लिए रोज 3-4 बादाम खाए जाने चाहिए। इसके लिए आप रोज रात को 4 बादाम पानी में भिगोकर रखें और सुबह को छीलकर खा लें, फायदा मिलेगा।

हरी सब्जियों का करें सेवन
हरी सब्जियों में भी विटामिन भरपूर मात्रा में मिलता है। विटामिन ई की पूर्ति के लिए पालक, गाजर, टमाटर, ब्रोकली, शलजम, सरसों और अरबी की सब्जी का सेवन किया जा सकता है। इन सभी में कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं।

सूरजमुखी के बीज से होगा फायदा
सूरजमुखी के बीज को विटामिन ई का अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसके सेवन से पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है और पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारे में मदद मिलती है।

एवोकाडो
एवोकाडो में भी विटामिन ई अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसके सेवन से शरीर में विटामिन ई की कमी की पूर्ति होती है, जिससे आंखों की रोशनी बढ़ती है, हड्डी मजबूत होती है और कैंसर जैसी बीमारी का खतरा भी कम होता है।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article