Remedies For Migraine : गर्मियों में बढ़ जाती है माइग्रेन की समस्या, जानिए ठीक करने के अचूक उपाय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2022, 10:32 AM IST

Remedies For Migraine : आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और काम के स्ट्रेस की वजह से अक्सर सिर में दर्द हो जाता है। सामान्य सिरदर्द पेन किलर लेने से ठीक हो जाता है, लेकिन कभी- कभी सामान्य सा दिखने वाला ये सिरदर्द गंभीर माइग्रेन का रूप ले लेता, जो स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन जाता है। गर्मियों में माइग्रेन ज्यादा परेशान करता है।

Remedies For Migraine : गर्मियों में बढ़ जाती है माइग्रेन की समस्या, जानिए ठीक करने के अचूक उपाय

Remedies For Migraine: माइग्रेन एक ऐसी बीमारी है, जिसमें सिर के आधे हिस्से में तेज दर्द होता है। ये दर्द बार-बार होता रहता है। कई बार ये एक से तीन दिन तक रहता है। माइग्रेन की बीमारी होने पर कुछ लोगों को जुकाम और उल्टी आने की समस्या भी होती है। यहां ये समझने की जरूरत है कि हर सिरदर्द माइग्रेन नहीं होता है। माइग्रेन के कुछ लक्षण होते हैं, जैसे भूख न लगना, पसीना आना, आधे या कभी-कभी पूरे सिर में तेज दर्द होना, आँखों में दर्द होना और धुंधला दिखाई देना आदि। अगर किसी को सिरदर्द होने के साथ ये लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे माइग्रेन हो सकता है। गर्मियों में माइग्रेन की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में इस समस्या को नजरअंदाज न करते हुए तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। हालांकि, कुछ घरेलू उपायों से भी माइग्रेन की समस्या में आराम पाया जा सकता है।

गर्मी के मौसम में माइग्रेन से राहत पाने के लिए अपनाएं जा सकते हैं ये घरेलू उपाय-

अंगूर के जूस से मिलेगा लाभ

गर्मी के मौसम में माइग्रेन की समस्या से आराम पाने के लिए अंगूर का जूस पीना काफी फायदेमंद होता है। अंगूर में विटामिन ए, सी, डायटरी फाइबर और कार्बोहाइड्रेट्स होते हैं, जो माइग्रेन के दर्द से छुटकारा दिलाने में बहुत फायदेमंद साबित होते हैं।

अदरक के सेवन से दूर होगा दर्द

अदरक में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो तनाव और दर्द को दूर करते हैं, साथ ही माइग्रेन के दर्द को भी दूर करने में उपयोगी होते हैं। माइग्रेन के दर्द से राहत पाने के लिए अदरक वाली चाय या अदरक के रस को नींबू के रस के साथ मिलाकर पीना चाहिए।  

घी करेगा माइग्रेन की छुट्टी

घी खाना सेहत के लिए बहुत जरूरी माना जाता है, घी खाने से शरीर को खूब ताकत मिलती है। इसके साथ ही घी माइग्रेन की समस्या से छुटकारा दिलाने में भी काफी लाभदायक माना जाता है। माइग्रेन की समस्या से निजात पाने के लिए देसी घी की 2-2 बूंदे नाक में डालने से लाभ मिलता है।

लौंग दिलाएगा माइग्रेन से आराम

माइग्रेन में होने वाले तेज सिरदर्द से राहत पाने के लिए लौंग के पाउडर में नमक मिलाकर दूध के साथ पीना चाहिए। इससे सिरदर्द से बहुत जल्दी आराम मिलता है।

मालिश करने से मिलेगा लाभ

सिर पर मालिश करने से भी माइग्रेन के दर्द से आराम मिलता है। दरअसल, मालिश करने से खून का प्रवाह बढ़ता है, जिससे दर्द से राहत मिलती है। साथ ही काफी हल्का भी महसूस होता है।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article