Flea Bites: बर्फ की सिकाई से दूर होगा पिस्सू के काटने का दर्द, अपनाएं ये घरेलू इलाज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 15, 2022, 09:35 AM IST

Flea Bites : पिस्सू के काटने के बाद काफी ज्यादा दर्द, जलन और खुजली जैसी परेशानी हो सकती है। पिस्सू काटने से होने वाली परेशानी से बचने के लिए कुछ घरेलू उपायों जैसे- बर्फ की सिकाई, टी ट्री ऑयल का इस्तेमाल और शहद का उपयोग किया जा सकता है।

Flea Bites: बर्फ की सिकाई से दूर होगा पिस्सू के काटने का दर्द, अपनाएं ये घरेलू इलाज
Photo Credit: People

How To Cure Flea Bites: पिस्सू बहुत ही छोटे से साइज का कीड़ा होता है, जो काफी मुश्किल से नजर आता है। आमतौर पर यह कीड़ा जानवरों के शरीर पर मौजूद होता है। जब इन जानवरों के संपर्क में इंसान आते हैं, तो पिस्सू उन्हें काट सकता है। पिस्सू के काटने पर काफी ज्यादा दर्द, जलन, सूजन और खुजली होती है। पिस्सू का संक्रमण अगर शरीर में फैलने लगे, तो व्यक्ति को बुखार भी हो सकता है। ऐसे में पिस्सू के काटने के बाद तुरंत इलाज की आवश्यकता होती है। पिस्सू के काटने के बाद आप कुछ घरेलू उपायों का भी सहारा ले सकते हैं। इन घरेलू उपायों में ठंडे पानी से सिकाई, एलोवेरा जेल, हल्दी इत्यादि का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पिस्सू के काटने के बाद अपनाएं ये घरेलू उपाय

बर्फ की सिकाई
पिस्सू जब काटे, तो तुरंत प्रभावित स्थान की बर्फ से सिकाई करें। बर्फ से प्रभावित स्थान की सिकाई करने के लिए सबसे पहले 1 सूती कपड़ा लें। अब इस कपड़े में बर्फ के कुछ टुकड़े लपेट लें। इसके बाद इस कपड़े से प्रभावित स्थान की सिकाई करें। इससे आपको सूजन, जलन और खुजली से राहत मिल सकती हैं।

एलोवेरा जेल लगाए
पिस्सू के काटने के बाद प्रभावित स्थान पर एलोवेरा जेल लगाए। एलोवेरा जेल में एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो सूजन और लालिमा की परेशानी को कम कर सकते हैं। साथ ही इस जेल को लगाने से खुजली से भी राहत मिल सकती है।

टी ट्री ऑयल
टी ट्री ऑयल भी प्रभावी हो सकता है। पिस्सू के काटने के बाद प्रभावित स्थान पर टी-ट्री ऑयल में नारियल तेल मिक्स करके लगाएं। इससे सूजन और खुजली से आराम मिल सकता है। टी ट्री ऑयल में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करने में लाभकारी हो सकते हैं।

शहद है फायदेमंद
शहद में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाया जाता है, जो पिस्सू के काटने से होने वाली सूजन को कम करने में लाभकारी हो सकता है। साथ ही यह जलन और दर्द को भी कम कर सकता है। इसके लिए शहद को प्रभावित स्थान पर कुछ समय के लिए लगाएं। बाद में इसे गर्म पानी से साफ कर लें। इससे काफी आराम महसूस होगा।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article