स्पोर्ट्स

FIFA U-15 World 2026: भारत को मिली अंडर-15 वर्ल्ड कप के लिए ग्रुप के में जगह, इन देशों के साथ होगी भिड़ंत

कैमरून, ग्रेनाडा, लाओस और सेनेगल भारत को बाकू में आयोजित होने जा रहे फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप के लिए ग्रुप के में जगह मिली है। जानिए किस टीम के खिलाफ करेगी अपने अभियान की शुरुआत?

Image

फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप का कार्यक्रम (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Varified))

नई दिल्ली: भारत को अक्टूबर में बाकू में होने वाले पहले फीफा अंडर-15 विश्व कप और महोत्सव अजरबैजान 2026 के ’ग्रुप के’ में बहरीन, कैमरून, ग्रेनाडा, लाओस और सेनेगल के साथ रखा गया है। भारतीय अंडर-15 पुरुष टीम बाकू में क्वालीफिकेशन चरण के दौरान तीन दिन में पांच मुकाबले खेलेगी।

लाओस के खिलाफ भारत शुरू करेगा अपना अभियान

भारत 24 अक्टूबर को लाओस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर को भारत दो मुकाबले खेलेगा। पहले उसका सामना कैमरून से होगा और फिर ग्रेनाडा के खिलाफ मैच होगा। फिर 26 अक्टूबर को एक और ’डबल-हेडर’ के साथ क्वालीफिकेशन चरण पूरा करेगा जिसमें पहले वह बहरीन से भिड़ेगा और इसके बाद सेनेगल के खिलाफ खेलेगा।

बेंगलुरू में अभ्यास कर रही है भारतीय टीम

कोच बिबियानो फर्नांडिस के मार्गदर्शन में भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु स्थित खेल उत्कृष्टता केंद्र में ट्रेनिंग कर रही है। अजरबैजान रवाना होने से पहले टीम घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले भी खेलेगी। इसके बाद 14 खिलाड़ियों की टीम अजरबैजान की यात्रा करेगी। इस टूर्नामेंट में सभी फीफा सदस्य संघों को भाग लेने की अनुमति है। कुल 191 राष्ट्रीय टीम को 32 ग्रुप में बांटा गया है। प्रतियोगिता के छह दिन में 20 मैदानों पर कुल 943 मैच खेले जाएंगे।

आठ खिलाड़ियों के फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट का आयोजन

फीफा अंडर-15 विश्व कप और महोत्सव के मुकाबले आठ खिलाड़ियों वाली टीम के प्रारूप में खेले जाएंगे। मैच में 20-20 मिनट के दो हाफ होंगे जिनके बीच पांच मिनट का ब्रेक होगा। मैदान का आकार 68 मीटर गुणा 50 मीटर होगा। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों को बदलने की अनुमति होगी।

भारत के लिए यह फीफा विश्व कप में इस स्तर पर भाग लेने का पहला मौका है। यह एक असामान्य प्रारूप भी है, इस वजह से इसकी तैयारी सभी टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। छोटा खेल मैदान और कम खिलाड़ी होने के कारण टीम के साथियों के बीच तालमेल, निर्णय लेने की क्षमता और आपसी समझ का विशेष महत्व इसमें होगा। इस वजह से अंडर-15 वर्ल्ड कप 2026 का जादू फुटबॉल प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल सकता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article