Chhattisgarh Aashirwad Ke Diye: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ में गुरुवार को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आशीर्वाद के दीये' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। आयोजकों के अनुसार, पूरे छत्तीसगढ़ में 1.50 करोड़ से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए।
गांवों से लेकर शहरों देखने को मिली लोगों की भागीदारी
गांवों से लेकर शहरों तक मंदिरों, प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और मैदानों में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कई स्थानों पर दीपों से आकर्षक आकृतियां और संदेश भी तैयार किए गए। महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पीएम मोदी ने अपना जीवन देश और जनसेवा के लिए समर्पित किया- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन देश और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश आज विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान
प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सेवा, सहयोग और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। छत्तीसगढ़ में 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सेवा और सुशासन की भावना को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना तथा लोगों को रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना है।
