Who is Hafiz Abdul Rauf: पाकिस्तान की वैश्विक स्तर पर प्रतिबंधित आतंकवादी को आम आदमी के रूप में पेश करने की उसकी चाल पर से उस समय पर्दा उठ गया जब वहां के एक शीर्ष अधिकारी ने हाफिज अब्दुल रऊफ के बारे में अहम जानकारी सार्वजनिक रूप से उजागर कर दी। पाकिस्तानी अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी में रऊफ की राष्ट्रीय पहचान संख्या भी शामिल थी, जो अमेरिकी प्रतिबंधित आतंकवादियों की सूची के डेटाबेस में मौजूद विवरणों से मेल खाती है। इसी के साथ पाकिस्तान की धोखे की कहानी से भी पर्दा उठ गया।
आईएसआई ने रऊफ को एक आम आदमी बताया
पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक अहमद शरीफ चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन में रऊफ को एक आम आदमी बताया, जिसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। रऊफ ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के पंजाब के मुदरिके में लश्कर-ए-तैयबा मुख्यालय में मारे गए आतंकवादियों की नमाज अदा की थी। चौधरी ने संवाददाताओं को संबोधित करने के दौरान रऊफ का कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र क्रमांक संख्या, उसकी जन्मतिथि 25 मार्च, 1973 बताई और उसे लाहौर का निवासी करार दिया।
चौधरी द्वारा दिया गया ये विवरण अमेरिका के वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय के डेटाबेस में दिए गए रऊफ के विवरण से मेल खाता है। अमेरिका का वित्त विभाग विशेष रूप से नामित नागरिकों और आतंकियों की सूची रखता है। पत्र सूचना कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया, आईएसपीआर के महानिदेशक द्वारा साझा की गई पहचान संबंधी जानकारी हाफिज अब्दुर रऊफ की जानकारी से पूरी तरह मेल खाती है, जो कम से कम 1999 से लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ नेतृत्व का सदस्य है और अमेरिकी प्रतिबंध सूची का हिस्सा है।
भारत ने तुरंत पहचान की उजागर
वहीं, भारत ने आतंकवादी हाफिज अब्दुर रऊफ की पहचान उजागर कर दी थी। भारत ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान सरकार और उसकी धरती पर सक्रिय आतंकवादियों के बीच सांठगांठ की ओर इशारा किया। विदेस सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कांफ्रेंस में आतंकवादियों के जनाजे की नमाज का नेतृत्व करते हुए रऊफ की तस्वीर दिखाई थी। प्रेस सूचना ब्यूरो की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, डीजी आईएसपीआर द्वारा साझा की गई पहचान का विवरण 1999 से लश्कर की लीडरशिप का सदस्य और अमेरिकी प्रतिबंध सूची का हिस्सा रहे हाफिज अब्दुर रऊफ के विवरण से पूरी तरह मेल खाता है।

विक्रम मिसरी ने दिखाई हाफिज रऊफ की तस्वीर
कौन है हाफिज अब्दुर रऊफ?
अमेरिका द्वारा घोषित आतंकवादी हाफिज अब्दुर रऊफ 1999 से लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का सक्रिय सदस्य है और प्रतिबंधित फ़लाह-ए-इंसानियत फ़ाउंडेशन (FIF) का प्रमुख है। माना जाता है कि वह नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफज सईद का करीबी सहयोगी है। आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में वरिष्ठ पाकिस्तानी सैन्य और पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए थे और यहां तक कि पाकिस्तान की पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने भी इसमें शिरकत की थी।
अमेरिकी प्रतिबंध डेटाबेस ने पाकिस्तान में रऊफ को लेकर और खुलासे किए हैं। कई उपनामों के तहत सूचीबद्ध, रऊफ लाहौर में कई पतों से जुड़ा हुआ है, जिसमें 4 लेक रोड, चोबुर्जी डोला खुर्द, जिन्ना ब्लॉक और चेम्बरलेन रोड शामिल हैं। उसके पास पाकिस्तानी पासपोर्ट CM1074131 और A7523531 भी थे, जो 2008 में जारी किए गए थे और 2013 में समयसीमा खत्म हो गई थी। ये विवरण अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) के डेटाबेस में दिए गए रऊफ के बारे में विवरण से मेल खाते हैं, जो विशेष रूप से नामित नागरिकों और अवरुद्ध व्यक्तियों की सूची (SDN) रखता है।
