एक्सप्लेनर्स

अमेठी में फिर होगी राहुल गांधी vs स्मृति ईरानी की जंग! कांग्रेस ने किया साफ, समझें 5 साल में कितना बदला समीकरण

Lok Sabha Election: उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट पर होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए लड़ाई और दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने दावा किया है कि राहुल गांधी अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। मतलब एक बार फिर यहां राहुल बनाम स्मृति ईरानी की जंग देखने को मिलेगी। आपको समीकरण समझाते हैं।

Image

स्मृति ईरानी vs राहुल गांधी।

Photo : Times Now Digital

Amethi Lok Sabha Chunav: राहुल गांधी और स्मृति ईरानी एक बार फिर अमेठी में आमने सामने होंगे, तो दोनों की राह इस बार आसान नहीं होगी। इस बार अमेठी का समीकरण बेहद अलग है, अगर भाजपा इस सीट पर लगातार दूसरी बार जीत हासिल करती है तो यहां एक नया सियासी इतिहास रचा जाएगा। हालांकि राहुल और कांग्रेस को कमजोर समझना किसी बड़ी लापरवाही से कम रही होगी।

स्मृति Vs राहुल की जंग, कितना बदला समीकरण?

भाजपा ने अमेठी से स्मृति ईरानी को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी है। अब राहुल गांधी एक बार फिर कांग्रेस के उम्मीदवार होते हैं, तो मुकाबले की तस्वीर थोड़ी अलग हो जाएगी। अमेठी में इस तरह वो फैक्टर काम कर सकता है कि भाजपा को इस सीट पर कभी भी दोबारा जीत हासिल नहीं होती है। स्मृति ईरानी ने अमेठी में अपना घर बनवा लिया है, मगर इस सीट को गांधी परिवार का गढ़ कहा जाता है। राहुल अगर दोबारा यहां से चुनाव लड़ते हैं तो वो इस बात का संदेश देने की कोशिश करेंगे कि अपने गढ़ में हार मिलने के बाद भी उनके इरादे कमजोर नहीं हुए हैं।

हार के बावजूद अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी?

अमेठी जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया है कि पार्टी नेता राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे। नई दिल्ली में हुई एक अहम बैठक के बाद लौटे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बुधवार को बताया कि राहुल गांधी ही अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार होंगे जिसकी घोषणा जल्द हो जाएगी। सिंघल ने बताया कि चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गयी हैं, कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाने की तैयारी कर रहे हैं। राहुल गांधी 2004 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे। वह 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता स्मृति ईरानी से चुनाव हार गये थे। राहुल इस समय केरल के वायनाड से सांसद हैं।

क्या कहता है अमेठी का सियासी इतिहास?

अमेठी में 16 बार हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को महज तीन बार बार झेलनी पड़ी है। यही नहीं इस सीट के सियासी इतिहास का जिक्र करें तो एक भी बार भाजपा यहां से दोबारा जीत हासिल नहीं कर पाई। ये फैक्टर निश्चित तौर पर स्मृति ईरानी की चिंता में इजाफा करेगा। यही वजह है कि स्मृति यहां तमाम कोशिशें कर रही हैं। चुनाव से पहले अमेठी में घर बनवाकर उन्होंने सियासी संदेश दिया। हालांकि डॉ. संजय सिंह और रवींद्र प्रताप सिंह का अमेठी निवासी फैक्टर उन्हें इस सीट से दोबारा जीत दिलाने में कारगर साबित नहीं हुआ था।

गांधी परिवार का गढ़ क्यों कहा जाता है अमेठी?

पहली बार अमेठी में हुए लोकसभा चुनाव 1967 में कांग्रेस के वी डी वाजपेयी को जीत हासिल हुई थी। गांधी परिवार से ताल्लुक रखने वाले और इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी को 1977 में इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि तीन साल बाद ही 1980 में उन्हें प्रचंड जीत हासिल हुई। इसके एक साल बाद ही सियासत में राजीव गांधी ने अपनी एंट्री करते हुए 1981 में इस सीट से जीत हासिल की। इस सीट से राजीव गांधी चार बार लोकसभा सदस्य रहे। फिर सोनिया गांधी एक बार और राहुल गांधी तीन बार अमेठी के सांसद रहे। मतलब 16 बार हुए लोकसभा चुनाव में से 9 बार यहां गांधी परिवार का कब्जा रहा।

राहुल गांधी अपनी न्याय यात्रा लेकर हाल ही में अमेठी पहुंचे थे, हैरानी की बात ये है कि तीन बार यहां से सांसद रहे राहुल दो साल बाद अमेठी आए थे, लेकिन उनमें अपने लोगों के प्रति पहले जैसी गर्मजोशी नहीं दिखी। राहुल की यात्रा में पहले जैसी गर्मजोशी नहीं दिखी, जब वो यहां के सांसद रहते हुए इस क्षेत्र में आते थे। 2021 में स्मृति ईरानी ने अपना घर बनवाने के लिए 11 बिस्वा जमीन खरीदी थी। अब इस जमीन पर उन्होंने अपना आशियाना बनवाया है। साल 2021 में ही स्मृति के बेटे ने भूमि पूजन कर आवास की नींव रखी थी। चुनाव के ठीक पहले वह अपने नए घर में प्रवेश कर गई हैं। जो कांग्रेस की राह की मुश्किलें बढ़ाने में भरपूर भूमिका अदा करेगी।

स्मृति ने अमेठी में हर अपना घर बनवाकर इस सीट का समीकरण काफी हद तक बदल दिया है। अगर इतिहास बदल जाए और लगातार इस सीट पर भाजपा दो बार जीत हासिल कर ले तो हैरानी नहीं होगी। हालांकि सियासत में कभी भी कुछ भी हो सकता है, राहुल गांधी या स्मृति इरानी कौन जीतेगा इसका फैसला जनता को तय करना है, असल तस्वीरें तो चुनावी नतीजों में ही साफ होंगी।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article