मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22961) पर सूरत के पास उत्तराण स्टेशन के नजदीक पथराव की घटना सामने आई है। घटना के समय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी ट्रेन में सवार थीं। हालांकि, वह एग्जीक्यूटिव कोच में मौजूद थीं, इसलिए पूरी तरह सुरक्षित रहीं।
जानकारी के मुताबिक, सूरत रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। पथराव के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में किसी यात्री के घायल होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी सुरक्षित हैं। पथराव की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। RPF ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस और रेलवे अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि पथराव किसने और किस वजह से किया।
