आखिर कैसे ट्रंप और मस्क के रास्ते हो गए अलग? 10 प्वाइंट में समझिए 'जिगरी' से 'जानी दुश्मन' बनने की कहानी
- Curated by: शिशुपाल कुमार
- Updated Jun 7, 2025, 07:08 PM IST
एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कभी बेहद करीबी रिश्ते थे, लेकिन अब इन संबंधों में गहरी दरार आ गई है। ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान मस्क ने न केवल उनकी कैबिनेट बैठकों में हिस्सा लिया, बल्कि उनके शपथ ग्रहण समारोह में भी वह उनके ठीक पीछे नजर आए। उन्हें डीओजीई विभाग का प्रमुख भी बनाया गया था, और मस्क ने ट्रंप के पक्ष में जमकर प्रचार किया था। हालांकि, अब स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं।
एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के बीच दोस्ती खत्म
अमेरिका में इस वक्त उथल-पुथल मचा हुआ। जिस टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती की कहानियां सुनाई जाती थीं, अब वो अलग चुके हैं, इतने अलग कि एक-दूसरे को बर्बाद करने की धमकी दे रहे हैं, एक दूसरे की पोल खोल रहे हैं। अब सवाल ये है कि ऐसा क्या हो गया कि कभी एक दूसरे के जिगरी रहे डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क अब जानी दुश्मन बन गए हैं।
कभी जिगरी थे ट्रंप और मस्क
डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क की दोस्ती, बिजनेस की दोस्ती नहीं थी, दोनों के बीच परिवारिक दोस्ती थी। ट्रंप के चुनावी अभियान में मस्क ने जमकर मदद की थी। पैसे से लेकर चुनावी अभियान तक में मस्क ने ट्रंप का पूरा साथ दिया। ट्रंप भी जब राष्ट्रपति बने तो मस्क को सीधे व्हाइट तक लेकर पहुंच गए। हर फैसले में ट्रंप और मस्क साझीदार रहे। मस्क सुपरबॉस की तरह व्हाइट हाउस में काम करते थे, लेकिन अचानक से पिछले महीने मस्क ने ट्रंप प्रशासन से बगावत करने का ऐलान कर दिया। व्हाइट हाउस से बाहर निकल गए, सरकार का साथ छोड़ दिया।
ट्रंप के किस बिल के कारण नाराज हुए मस्क
एलन मस्क, ट्रंप के उस टैक्स और खर्च बिल के खिलाफ हैं, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति बिग ब्यूटीफुल बिल कहते हैं। एलन मस्क ने ट्रंप के कर और खर्च में कटौती के विधेयक को घृणित करार कर दिया। उन्होंने ट्रंप के विधायी एजेंडे की आलोचना करते हुए कहा था कि वह राष्ट्रपति के इस विधेयक से निराश हैं। मस्क ने इस विधेयक को एक अत्यधिक खर्चीला बताया था, जो संघीय घाटे को बढ़ाता है और उनके विभाग के काम को कमजोर करता है। मस्क ने एक्स पर लिखा- ‘‘मुझे खेद है लेकिन मैं अब इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकता। खर्च संबंधी संसद का यह बड़ा, अपमानजनक, घटिया विधेयक घृणित है। इसके लिए वोट देने वालों पर शर्म आती है: आप जानते हैं कि आपने गलत किया। आप यह जानते हैं।’’

ट्रंप की चुनावी रैली में मस्क
10 प्वाइंट में समझिए जिगरी से जानी दुश्मन बनने की कहानी
- सरकार चलाने में परेशानी- ट्रंप और मस्क के साथ आने से बहुत सारे नौकरशाहों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने पद गंवाने पड़े। जिस तरह से एक तेज रफ्तार कार अपने सामने आने वाली हर चीज को कुचल देती है, ठीक वैसे ही मस्क और ट्रंप की जोड़ी आगे बढ़ रही थी, लेकिन जब तेज रफ्तार कार सड़क पर किसी अवरोधक से टकराते तो पूरी गाड़ी हिल जाती है, कुछ ऐसा ही ट्रंप और मस्क की जोड़ी के साथ हुआ। शायद किसी की कल्पना से भी परे।
- प्रशासन में दखल को लेकर तनातनी- मार-ए-लागो डिनर में मस्क और ट्रंप के सलाहकार बोरिस एप्सटेन के बीच मंत्री पदों की नियुक्तियों को लेकर बहस हो गई। मस्क ने सत्ता में प्रभाव जमाने की कोशिश की, जो ट्रंप को खटक गया।
- सरकारी खर्चों में कटौती पर मतभेद- मस्क को संघीय खर्चों में कटौती की जिम्मेदारी दी गई, लेकिन विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ टकराव के चलते यह मामला ट्रंप तक जा पहुंचा।
- AI डेटा प्रोजेक्ट पर आर्थिक असहमति- ट्रंप के 500 अरब डॉलर के AI डेटा प्रोजेक्ट को मस्क ने जोखिम भरा बताया। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल निवेशक भरोसेमंद नहीं हैं, जिससे ट्रंप नाराज हो गए।
- चुनावी समर्थन को लेकर असमंजस- ट्रंप की बहू लारा ट्रंप ने मस्क से पूछा कि क्या उन्हें ट्रंप का समर्थन करने का पछतावा है। मस्क ने पहले हां कहा, फिर मजाक की बात कह टाल गए। जिससे दूरी और स्पष्ट हो गई।
- ‘गोल्डन डोम’ एंटी-मिसाइल रक्षा प्रणाली - बहुत से लोगों ने ट्रंप द्वारा हाल ही में पेश किये कर कटौती विधेयक को कारण माना है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों के मालिकों को नुकसान होगा। इसके अलावा ट्रंप द्वारा प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ एंटी-मिसाइल रक्षा प्रणाली में स्पेस एक्स की संभावित भागीदारी पर वाशिंगटन में मचे राजनीतिक घमासान को भी एक कारण माना जा रहा है।
- स्पेस नीति और रक्षा ठेके- एलन मस्क की स्पेसX को सरकारी कॉन्ट्रैक्ट मिलना और फिर उन पर ट्रंप गुट की आलोचना—यह रक्षा क्षेत्र में शक्ति संतुलन को लेकर विवाद की वजह बनी।
- चीन के खिलाफ रणनीति- हालांकि, व्हाइट हाउस के पूर्व रणनीतिकार स्टीव बैनन का कहना है कि संबंधों में खटास आने का असली संकेत तब मिला, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने मस्क को चीन के साथ किसी भी संभावित युद्ध की स्थिति में पेंटागन की हमले की योजना दिखाने से इनकार कर दिया। बैनन के अनुसार, राष्ट्रपति का सबसे अच्छा दोस्त होने से ही आप कुछ हासिल कर सकते हैं और दोनों की दोस्ती के अंत की शुरुआत थी।
- राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं- मस्क कभी-कभी खुद को एक स्वतंत्र राजनीतिक सोच वाला व्यक्ति बताते हैं, जबकि ट्रंप उन्हें अपने खेमे में पूरी तरह शामिल देखना चाहते थे। यह स्वतंत्रता ट्रंप को नागवार गुजरी।
- टेस्ला की बिक्री में भारी गिरावट- कई लोगों ने टेस्ला की बिक्री में भारी गिरावट की ओर इशारा किया, जिसका मुनाफा एक तिमाही में 71 प्रतिशत तक गिर गया और मस्क की प्रतिष्ठा पर इसका अप्रत्याशित प्रभाव पड़ा।
बच्चों की तरह लड़ रहे दो शक्तिशाली व्यक्ति
मस्क जब ट्रंप प्रशासन से अलग हुए तो बात यहीं खत्म नहीं हुई। ट्रंप और मस्क दोनों बच्चों की तरह सार्वजनिक रूप से एक दूसरे पर वार पलटवार करते दिखे। मस्क ने ट्रंप से ये भी कह दिया कि अगर वो नहीं तो ट्रंप जीत ही नहीं पाते। फिर ट्रंप ने मस्क के मुनाफे को नुकसान पहुंचाने के लिए अमेरिकी सरकार के इस्तेमाल की चेतावनी देकर इस झगड़े को और बढ़ा दिया। ट्रंप ने मस्क के इस आलोचनात्मक रुख पर कहा कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क को अब भी व्हाइट हाउस की याद सता रही है। उन्होंने मस्क को 'ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम' हो जाने का जिक्र भी किया। इस बयान के जरिये वह मस्क की मनोस्थिति पर सवाल उठा रहे थे।

ओवल ऑफिस में ट्रंप और मस्क, साथ में हैं मस्क का बेटा
रिपब्लिकन भी डरे
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच हुए जबरदस्त टकराव के बाद की स्थितियों से निपटने को तैयार रिपब्लिकन पार्टी के सांसद और नेता लंबे समय तक जारी झगड़े के संभावित परिणामों से भयभीत होकर ट्रंप और मस्क से तनाव कम करने का आग्रह कर रहे हैं। कम से कम दो शक्तिशाली व्यक्तियों के बीच दुश्मनी रिपब्लिकन के विशाल कर और सीमा व्यय कानून के लिए आगे का रास्ता जटिल बना सकता है। वाशिंगटन राज्य के रिपब्लिकन प्रतिनिधि डैन न्यूहाउस ने कहा कि उम्मीद है कि यह संघर्ष हमें उस काम को पूरा करने से विचलित नहीं करेगा जो हमें करना है।
नई पार्टी बना सकते हैं मस्क
'टेस्ला' और 'स्पेसएक्स' के सीईओ एलन मस्क जल्द ही एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं और एक्स के जरिए इशारों-इशारों में नाम भी बता दिया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में ‘द अमेरिका पार्टी’ का जिक्र किया है। हालांकि मस्क ने साफतौर पर यह नहीं बताया कि वो कोई पार्टी बनाएंगे लेकिन उन्होंने एक के बाद एक कई ऐसे पोस्ट किए, जिसने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।