TV Actress Aastha Chaudhary wedding plan: 'बिग बॉस 13' के विजेता रह चुके सिद्धार्थ शुक्ला की को-स्टार और करीबी दोस्त एक्ट्रेस आस्था चौधरी अपनी शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। खबर है कि आस्था चौधरी की शादी फिक्स हो चुकी है। अपनी एक्टिंग के दम पर लोगों के दिलों में जबरदस्त पहचान बनाने के बाद अब आस्था चौधरी शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। वह इसी साल 25 अप्रैल को डॉक्टर आदित्य बनर्जी के साथ सात फेरे लेंगी। बताया जा रहा है कि आस्था चौधरी और आदित्य बनर्जी की शादी बहुत ही सादे तरीके से होगी और शादी से पहले अदा की जाने वाली सभी रस्में एक दिन पहले ही निभाई जाएंगी।
एक्ट्रेस आस्था चौधरी भगवान कृष्ण की भक्त हैं और उन्होंने आदित्य बनर्जी के साथ वृंदावन में ही शादी करने का फैसला किया था। हालांकि निजी कारणों से उन्हें अपना यह फैसला बदलना पड़ा था। इसलिए अब आस्था चौधरी अपने होमटाउन प्रयागराज में शादी के बंधन में बंधेंगी। भले ही आस्था चौधरी वृंदावन में शादी नहीं कर पा रही हैं, लेकिन उन्होंने होली के टाइम पर अपने होने वाले पति के साथ वहां जाने का फैसला किया है। इस बारे में एक्ट्रेस का कहना है कि वो अपनी शादी का कार्ड लेकर वहां जाएंगी और कृष्णा जी का आशीर्वाद लेंगी।

आस्था चौधरी ने एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के साथ सीरियल 'बाबुल का आंगन छूटे ना' के जरिए अपने करियर की शुरुआत की थी। उस दौरान दोनों के अफेयर की खबरें भी सामने आई थीं, क्योंकि उन्हें अक्सर साथ देखा जाता था। हालांकि एक इंटरव्यू के दौरान आस्था चौधरी ने इन सभी अटकलों को साफ करते हुए कहा था, 'हम शो में केवल एक साथ काम कर रहे थे और हमारी बॉन्डिंग अच्छी थी। जब भी कभी को-एक्टर को साथ देखा जाता है तो लोग उनके रिश्ते आपस में ही जोड़ने लगते हैं।'

