शहर

शिवाजी पार्क में CJP का आंदोलन खत्म, अब ठाकरे भाइयों के पैदल मार्च में शामिल होंगे कार्यकर्ता

CJP AAP Congress Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी, आप, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने देशभर में प्रदर्शन किया। दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद रहे और निषेधाज्ञा के बावजूद विरोध जारी रहा। मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति हजारों लोग जुटे, जहां अभिजीत दिपके और शबाना आजमी शामिल हुए। सीजेपी अब रविवार को ठाकरे भाइयों के मार्च में भाग लेगी।

Image

सीईसी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन।

CJP AAP Congress Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR के प्रावधानों के खिलाफ शुक्रवार को देश भर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्षी दलों का प्रदर्शन हुआ। राजधानी दिल्ली में सीजेपी, AAP, कांग्रेस और लेफ्ट दल प्रदर्शनों में शामिल रहे तो वहीं पर मुबंई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका ने नेतृत्व किया। वहीं पर बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी ने भी अपना समर्थन दिया। दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली में निषेधाज्ञा लगाई। बावजूद इसके प्रदर्शन जारी हैं। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षाबलों अतिरिक्त तैनाती की गई। दिल्ली मेट्रो ने एहतियाती कदम उठाते हुए राजधानी में 11 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया।

CJP का 'जेल भरो आंदोलन' समाप्त

मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आज का प्रदर्शन समाप्त हो गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनका विरोध प्रदर्शन यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि देश भर में जारी रहेगा। CJP अपने अगले गंतव्य और शहर की घोषणा जल्द ही आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए करेगी। इसके अलावा, आगामी रविवार को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे द्वारा मेट्रो सिनेमा से बीएमसी (BMC) मुख्यालय तक निकाले जाने वाले पैदल मार्च और प्रदर्शन में भी CJP के सदस्य बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

CEC के खिलाफ CJP का प्रदर्शन, शिवाजी पार्क पहुंचे हजारों लोग; स्थानीय नागरिक ने अभिजीत दीपके समेत अन्य के खिलाफ दी शिकायत

मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवा तिरंगा और नारे लिखी तख्तियां लेकर शिवाजी पार्क पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई। दादर रेलवे स्टेशन के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई और शिवाजी पार्क के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई।

इस बीच, शिवाजी पार्क के एक स्थानीय नागरिक ने CJP के संयोजक अभिजीत दीपके और अन्य लोगों के खिलाफ शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। कुछ स्थानीय निवासियों ने अपने इलाके में प्रदर्शन आयोजित किए जाने पर आपत्ति भी जताई।

इससे पहले CJP संयोजक अभिजीत दिपके ने गांधी जयंती के मौके पर दक्षिण मुंबई में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। CJP ने CEC की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है। पार्टी ने 2025 की मतदाता सूची को फ्रीज करने की भी मांग की है और कहा है कि इसमें आगे किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।

CJP ने यह प्रदर्शन चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठे विवाद के बीच आयोजित किया है। वहीं, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि तीन सदस्यीय आयोग ने SIR समेत सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए हैं।

आप नेता आतिशी, भारद्वाज, संजय सिंह और छात्रों सहित 700 लोग हिरासत में लिए गए

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव झा, आतिशी और संजय सिंह के साथ-साथ कुछ छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

राजनीतिक दल और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) तथा अन्य छात्र संगठनों के सदस्य मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि स्थल पर किसी भी अनधिकृत जमावड़े को रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा कि उसने आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को नॉर्थ एवेन्यू में रोक दिया, जिससे वह प्रदर्शन स्थल की ओर नहीं बढ़ सके।

भारद्वाज ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद उन्हें और झा को हिरासत में लिया गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आंदोलन जारी रखने और जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया। पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि एसएफआई के करीब 700 कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश की और उन्हें अशोका रोड गोलचक्कर पर रोक दिया गया, जिनमें से कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आप नेताओं, आइसा, एसएफआई और अन्य छात्र संगठनों सहित लगभग 700 प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर और उसके आसपास से हिरासत में लिया गया। पहले एक अन्य अधिकारी ने बताया था कि करीब 150 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।

CJP के प्रदर्शनकारियों के समर्थन में उतरीं ममता बनर्जी, बोलीं- अत्याचार बंद करें

CJP के विरोध-प्रदर्शन पर ममता बनर्जी ने कहा, “हम पूरी तरह से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और युवा छात्रों की पीढ़ी का समर्थन कर रहे हैं। मेरी विनम्र अपील है कि कृपया इन अत्याचारों को रोकें।”

क्या विरोध प्रदर्शन के लिए इजाजत की जरूरत होती है?-मनोज झा

जंतर-मंतर पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा-उन्हें शर्म आनी चाहिए... क्या विरोध प्रदर्शन के लिए इजाजत की ज़रूरत होती है? आख़िरकार, यह गांधी का देश है। आज गांधी जयंती है। 'क्या वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे?' के सवाल पर उन्होंने कहा, "बिल्कुल!... पुलिस स्टेट बनाने के बावजूद, ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह अपने गुनाह को छिपा नहीं पाएंगे।"

हिरासत में लिए गए AAP नेता सौरभ भारद्वाज

सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भारद्वाज जंतर-मंतर के धरनास्थल पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। उनके साथ AAP के समर्थक भी मौजूद थे। पुलिस AAP नेता संजय सिंह के घर भी पहुंची। पुलिस आप कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ली है। संजय सिंह ने कहा है कि वह जंतर-मंतर जाएंगे।

प्रदर्शन करना हमारा अधिकार-भारद्वाज

AAP दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने कहा, 'बिना कार का इस्तेमाल किए मैं जंतर-मंतर पहुंचा हूं। आप भी यहां पहुंच सकते हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि दोपहर तक बड़ी संख्या में Gen-Z, महिलाएं और युवा चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए जंतर-मंतर पहुंचेंगे। प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है। पुलिस हमें बता रही है कि हमें प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। छह दिन पहले AAP ने यहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आधिकारिक अनुमति मांगी थी।'

कांग्रेस ज्वाइंट वेंचर पार्टी है-शाइना

शिवसेना नेत्री शाइना एनसी ने CJP के विरोध-प्रदर्शन पर कहा, 'CJP का असली मतलब 'कांग्रेस ज्वाइंट वेंचर पार्टी' है। SIR एक चुनावी प्रक्रिया का ही एक हिस्सा है, जिसमें फर्जी मतदाताओं के नामों को निकाला जाता है... आप तो ऐसे आंदोलन कर रहे हैं कि जैसे आप देश को बचाने की कोई मुहीम चला रहे हों। आप देश को नहीं बचा रहे बल्कि फर्जी वोटर्स को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।'

मेट्रो सेवाओं पर भी प्रदर्शन का असर

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शनों के ऐलान के चलते मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने आधिकारिक अपडेट जारी करते हुए बताया है कि सुरक्षा कारणों से आज 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दी गई है। डीएमआरसी की ओर से जारी सर्विस अपडेट के अनुसार, अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी। जिन मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली स्टेशन शामिल हैं। ये सभी स्टेशन नई दिल्ली जिले और सेंट्रल दिल्ली के बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाकों में आते हैं। इन स्टेशनों के बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

Delhi Power Cut (कल का पावरकट 7 अक्टूबर 2026): लक्ष्मी नगर, त्रिलोकपुरी, साकेत, नरेला सहित इन इलाकों में होगी बिजली कटौती, देखें पूरा शेड्यूल

Delhi Power Cut (कल का पावरकट 7 अक्टूबर 2026): लक्ष्मी नगर, त्रिलोकपुरी, साकेत, नरेला सहित इन इलाकों में होगी बिजली कटौती, देखें पूरा शेड्यूल

उत्तराखंड के गांवों से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचा पहाड़ का हुनर, 'हाउस ऑफ हिमालयाज' का कारोबार 6 करोड़ के पार

उत्तराखंड के गांवों से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचा पहाड़ का हुनर, 'हाउस ऑफ हिमालयाज' का कारोबार 6 करोड़ के पार

टीचर ने बच्चों को पढ़ाने के लिए जेब से खर्च किए लाखों, बदला स्कूल का रंग-रूप; शिक्षा विभाग ने भेजा नोटिस, जानें पूरा मामला

टीचर ने बच्चों को पढ़ाने के लिए जेब से खर्च किए लाखों, बदला स्कूल का रंग-रूप; शिक्षा विभाग ने भेजा नोटिस, जानें पूरा मामला

Kanpur News: थाईलैंड की युवती से शादी के नाम पर लाखों की ठगी, तीन बच्चों का पिता अब डाल रहा धर्म बदलने का दबाव

Kanpur News: थाईलैंड की युवती से शादी के नाम पर लाखों की ठगी, तीन बच्चों का पिता अब डाल रहा धर्म बदलने का दबाव

Gurugram News: डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग का खेल, दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से ऐंठे 90 लाख, MBA पास युवती गिरफ्तार

Gurugram News: डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग का खेल, दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से ऐंठे 90 लाख, MBA पास युवती गिरफ्तार