KBC 14: एक करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब नहीं दे सकीं अनु वर्गीस, क्या आप दे पाएंगे उत्तर?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 31, 2022, 08:28 AM IST

Kaun Banega Crorepati 14: कौन बनेगा करोड़पति 14 में हॉट सीट पर पहुंचीं डॉ. अनु वर्गीस ने 75 लाख रुपये जीते लेकिन 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब नहीं दे सकीं। जानें क्या है वो सवाल और क्या आप जानते हैं जवाब?

KBC 14: एक करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब नहीं दे सकीं अनु वर्गीस, क्या आप दे पाएंगे उत्तर?

अमिताभ बच्चन के शो कौन बनेगा करोड़पति का 14वां सीजन चल रहा है। यह सीजन भी पिछले सभी सीजन की तरह कई मायनों में खास है। शो में अब तक कई कंटेस्टेंट अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। हाल ही में शो में हॉट सीट पर पहुंचीं डॉ. अनु वर्गीस। स्किन स्पेशलिस्ट अनु ने अपने ज्ञान के दम पर शो में 75 लाख रुपये जीते। उनका ज्ञान देख अमिताभ बच्चन भी हैरान रह गए और उनकी तारीफ करते नजर आए।

अनु ने शो में बिना लाइफ लाइन के कई मुश्किल सवालों के जवाब दिए लेकिन वो एक करोड़ रुपये के लिए पूछे गए सवाल का जवाब नहीं जानती थीं। जानें क्या है वो सवाल जिसका सही जवाब नहीं दे सकीं अनु।

एक करोड़ रुपये के लिए पूछा गया ये सवाल

26 जवनरी 1950 को, भारत के पहले गणतंत्र दिवस के अवसर को चिह्नित करने के लिए जारी एक डाक टिकट में, इनमें से किस कृति की पंक्तियों को उकेरा गया था?
A. सारे जहां से अच्छा 
B. रघुपति राघव राजा राम 
C. जन गण मन 
D. वन्दे मातरम 



इस सवाल को खेलने में कोई रिस्क नहीं था और इसीलिए अनु ने यह खेला और इसका जवाब दिया D. वन्दे मातरम। जो कि गलत जवाब था। इस सवाल का सही जवाब है B. रघुपति राघव राजा राम।

इससे पहले 75 लाख रुपये के मुश्किल सवाल का जवाब अनु ने अपने ज्ञान के दम पर दिया था। जानें क्या था वो सवाल जिसका जवाब देकर अनु ने जीते 75 लाख रुपये।

इनमें से किस रासायनिक तत्व का नाम एक देवी के नाम पर रखा गया है? 
A. रुथेनियम
B. रीनियम
C. वेनेडियम
D. निकल



इस सवाल का सही जवाब है C. वेनेडियम

मालूम हो कि शो के इस सीजन में 75 लाख रुपये जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं अनु वर्गीज। अनु ने शो में अपने पति के बारे में भी बात की और हंसते हुए कहा कि पति उन्हें गिफ्ट नहीं देते इसलिए वो भी जीती हुई धनराशि में से उन्हें कुछ नहीं देंगी। हालांकि बाद में उन्होंने बताया कि इस धनराशि से वो 40 लाख रुपये का होम लोन उतार देंगी।

End of Article