मशहूर टीवी सीरियल छोटी सरदारनी दर्शकों के सबसे पसंदीदा शोज में से एक हैं लेकिन इसके फैंस के लिए एक बुरी खबर है। इस शो के एक्टर शहजादा धामी ने अपने रोल से खुश नहीं होने के चलते इसे अलविदा कह दिया है। शो में परम सिंह गिल का रोल प्ले करने वाले शहजादा का कहना है कि उन्हें अपने रोल से काफी उम्मीदें थीं लेकिन जैसा उन्होंने सोचा था वैसा नहीं हुआ।
इस कारण छोड़ा शो
छोटी सरदारनी में 16 साल का लीप दिखाया गया है और शो की नई कहानी निमृत कौर अहलूवालिया और माहिर पंधी के इर्द-गिर्द घूमती है। शहजादा इस शो में बड़े हो चुके परम का रोल प्ले करते हैं और इस साल जुलाई महीने में शो का हिस्सा बने थे अब उन्होंने इसे छोड़ने का फैसला कर लिया है। इस बारे में बात करते हुए शहजादा ने कहा, 'हां, मैं ये शो छोड़ रहा हूं क्योंकि मैं अपने रोल और ट्रैक से खुश नहीं हूं। जैसा मुझे वादा किया गया था वैसा नहीं हुआ। मैंने सोचा था कि बड़े परम का रोल भी वैसा ही होगा जैसा छोटे परम का था, जो शो का एक महत्वपूर्ण कैरेक्टर था। लेकिन एक अभिनेता के रूप में मेरे पास कोई स्कोप नहीं था। मेरी उम्मीद पूरी नहीं होने से मैं नाखुश था। 03 दिसंबर को मेरी शूटिंग का आखिरी दिन है।'

चाहते हैं लीड रोल
शहजादा अब ऐसा प्रोजेक्ट चाहते हैं जो उनके किरदार के आसपास घूमे। शहजादा ने कहा, 'मैं स्पष्ट हूं कि मैं केवल लीड रोल निभाना चाहता हूं। एक बार 'छोटी सरदारनी' की शूटिंग खत्म हो जाए, फिर काम ढूंढ़ने में लग जाएंगे।'
पैसा नहीं एक्टिंग के लिए आया मुंबई
शहजादा ने आगे बात करते हुए कहा कि वो मुंबई पैसे के लिए नहीं बल्कि एक्टिंग करने के लिए आए थे, जो कि उनका पैशन है। उन्होंने कहा,'अगर सीन में आपके पास डायलॉग्स ही नहीं होंगे तो कोई मतलब ही नहीं है। मुझे पैसे के लिए नहीं एक्टिंग के लिए काम करना है और सीन में साइड में खड़े नहीं होना है। मैं अच्छा काम करना चाहता हूं।'
मालूम हो कि शहजादा ने टीवी सीरियल ये जादू है जिन्न का से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया था। पंजाब के रहने वाले शहजादा मुंबई अपनी पहचान बनाने और अच्छे काम की तलाश में आए थे।

