पंजाबी

Sardaar Ji 3 Controversy: दिलजीत दोसांझ ने क्रिकेटर्स पर साधा निशाना, सवाल करने वालों को पढ़ाया "देशभक्ति का पाठ"

Sardaar Ji 3 Controversy: कुछ वक्त पहले पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) की फिल्म 'सरदार जी 3' (Sardaar Ji 3) रिलीज हुई थी, जिसको लेकर देश में विवाद छिड़ गया था। इस फिल्म में पाकिस्तानी अदाकारा हानिया आमिर (Hania Aamir) थीं, जिस कारण लोगों ने इसका विरोध किया था और दिलजीत की देशभक्ति पर सवाल खड़े किए थे। महीनों बाद दिलजीत दोसांझ ने इस विवाद पर चुप्पी तोड़ी है।

Image

Image Source: Diljit Dosanjh

Sardaar Ji 3 Controversy: भारत-पाकिस्तान के रिश्ते पिछले कुछ वक्त से सहज नहीं हैं। यही कारण है कि भारतीय सरकार ने फैसला लिया है कि वो पाकिस्तान से किसी तरह का रिश्ता नहीं रखेगी। जब तक पाकिस्तान की तरफ से आतंकवाद पर पूरी तरह से रोक नहीं लग जाती है, तब तक न तो भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के साथ मैच खेलेगी और न ही भारत में किसी पाकिस्तानी कलाकार को काम मिलेगा। बॉलीवुड इंडस्ट्री इस बात का ध्यान रखकर ही प्रोजेक्ट फाइनलाइज करती है लेकिन बीते दिनों पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर (Hania Aamir) को अपनी फिल्म 'सरदार जी 3' (Sardaar Ji 3) में साइन करके ओखली में सिर देने का काम किया। इस फिल्म की वजह से दिलजीत दोसांझ की काफी आलोचना हुई और लोगों ने उनकी देशभक्ति पर भी सवाल खड़े किए।

दिलजीत दोसांझ पर ये आरोप लगा कि वो पाकिस्तान प्रेमी हैं। लोगों ने उनसे ये सवाल भी पूछे कि भारत में क्या कलाकारों की कमी है कि उन्होंने पाकिस्तानी एक्ट्रेस के साथ हाथ मिलाया। फिल्म 'सरदार जी 3' के मेकर्स ने बहुत सफाई दी लेकिन लोगों ने उनकी एक न सुनी और फिल्म को भारत में रिलीज नहीं किया जा सका। मेकर्स ने 'सरदार जी 3' को विदेशों में ही रिलीज किया और उन्हें वहीं की गई कमाई से ही संतोष करना पड़ा।

फिल्म 'सरदार जी 3' की रिलीज के कई महीनों के बाद अब दिलजीत दोसांझ ने इस विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। दिलजीत दोसंझ एक इवेंट के लिए मलेशिया गए हुए हैं, जहां उन्होंने स्टेज से खड़े होकर अपनी बात कही है। दिलजीत दोसांझ ने कहा है कि लोगों ने 'सरदार जी 3' की रिलीज के वक्त उनकी देशभक्ति पर बहुत सवाल खड़े किए लेकिन उनकी भारतीय क्रिकेटर्स से कोई कुछ नहीं कह रहा है। 'सरदार जी 3' की रिलीज से पहले भी क्रिकेट हो रहा था और अब भी पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेली जा रही है।

दिलजीत दोसांझ वीडियो में कहते दिखाई दे रहे हैं, "वो मेरे देश का झंडा है। मैं इसकी बहुत इज्जत करता हूं। मेरी फिल्म सरदार जी 3 फरवरी में बनी थी, जब हमारे देश पाकिस्तान के साथ मैच खेल रहा था। जब हमारे देश में पहलगाम घटना हुई... हमने तब भी अरदास की और आज भी उनके लिए दुआएं मांगते हैं। हम चाहते हैं कि जिन्होंने भी वो हमला किया था उन्हें सख्त से सख्त सजा मिले। हम अपने देश के साथ हैं। घटना से पहले भी मैच हुए... आज भी मैच हो रहे हैं। मेरी फिल्म जबकि हमले से पहले शूट हुई थी। लोग मेरे पीछे पड़ गए कि दिलजीत देश के खिलाफ है... लेकिन पंजाबी और सरदार कभी भी देश के खिलाफ नहीं जा सकते हैं।"

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article