Illeana D’cruz ने बॉलीवुड में कम फिल्में करने को लेकर किया खुलासा, कहा इस इंडस्‍ट्री से लगता था डर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2021, 03:12 PM IST

इलियाना ने बॉलीवुड से अधिक साउथ फिल्मों में काम करने को लेकर खुलासा किया। अभिनेत्री ने कहा कि बॉलीवुड में काम करने को लेकर मुझे डर था मुझे लगता था कि मैं यहां काम नहीं कर सकती।

Illeana D’cruz ने बॉलीवुड में कम फिल्में करने को लेकर किया खुलासा, कहा इस इंडस्‍ट्री से लगता था डर

साल 2012 में रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म बर्फी में कदम रखने वाली इलियाना डिक्रूज फिल्मों के साथ अपनी फोटोज और वीडियोज को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहती हैं। इलियाना साउथ फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना माना चेहरा हैं। इलियाना ने बॉलीवुड से अधिक साउथ फिल्मों में अपना जलवा बिखेरा है जिसमें देवदासु, पोकिरी, किक और ननबन जैसी कई सुपर डुपर हिट फिल्में शामिल हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में इलियाना ने बॉलीवुड से अधिक साउथ फिल्मों में काम करने को लेकर कई खुलासा किया है।

बॉलीवुड हंगामा के साथ इंटरव्यू के दौरान इलियाना डिक्रूज ने इस बात की पुष्टी की और इसके पीछे का कारण बताया। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने बहुत सारी साउथ फिल्में साइन की लेकिन बॉलीवुड की कम फिल्मों में काम किया। अभिनेत्री ने कहा कि ऐसा इसलिए था क्योंकि मैं इस दौरान बहुत कुछ कर रही थी और आत्मविश्वास की कमी थी, मैं इस बारे में कभी भी नहीं सोचती थी। उन्होंने कहा कि मैंने साउथ की कई फिल्में की, जिसमें कई फिल्में सुपरहिट साबित हुई और कई इतनी अच्छी नहीं रही। लेकिन बॉलीवुड में काम करने को लेकर मुझे डर था, मुझे लगता था कि मैं यहां काम नहीं कर सकती।

करियर को लेकर नाखुश दिखी इलियाना

इंटरव्यू के दौरान इलियाना ने अपने करियर को लेकर निराशा व्यक्त की, उन्होंने कहा जब मैं अपने करियर में पीछे मुड़कर देखती हूं तो मैं उस तरह खुश नहीं हूं, जिस तरह मैं आगे बढ़ चुकी हैं। क्योंकि मुझे लगता है कि मैं बहुत कुछ कर सकती थी। लेकिन आत्मविश्वास की कमी के कारण मैं इसमें असफल रही। अभिनेत्री ने कहा कि अभी देर नहीं हुआ है, मैं अभी भी कुछ अच्छा करने की कोशिश कर रही हूं।

फेयर एंड लवली में लवली के किरदार में आएंगी नजर

इलियाना के बॉलीवुड करियर की बात करें तो अभिनेत्री को आखिरी बार कूकी गुलाटी के वित्तीय थ्रिलर ‘द बिग बुल’ में देखा गया था। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन एक घोटालेबाज स्टॉकर के रूप में नजर आए थे, वहीं इलियाना एक पत्रकार के भूमिका निभाते हुए दिखी थी। जल्द ही इलियाना बलविंदर सिंह जंजुआ की अपकमिंग फिल्म फेयर एंड लवली में लवली के किरदार में रणदीप हुड्डा के साथ धमाल मचाती हुई नजर आने वाली हैं। आपको बता दें पहली बार इलियाना और रणदीप हुड्डा की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर एक साथ नजर आएगी। यह एक मजेदार कॉमेडी फिल्म है, जो भारत में गोरी त्वचा के प्रति लोगों के जुनून को दर्शाती है।

End of Article