Kantara Chapter 1 Box office Day 1: सिनेप्रेमियों के लिए 2 अक्टूबर का दिन बड़ा ही खास होने वाला है। इस दिन वरुण धवन और जान्हवी कपूर की रोमांटिक कॉमेडी मूवी 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' और साउथ के मशहूर एक्टर-डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी (Rishab Shetty) की 'कंतारा चैप्टर 1' दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही हैं। दोनों ही फिल्मों का तगड़ा क्लैश देखने के लिए हरकोई बेताब हैं। ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर निर्माताओं को खुश कर सकती हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो ऋषभ शेट्टी की 'कंतारा चैप्टर 1' (Kantara Chapter 1) को लेकर अब जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक यह मूवी पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धांसू कमाई करने में सफल साबित हो सकती है।
पहले दिन इतने करोड़ की ओपनिंग लेगी 'कंतारा: चैप्टर 1'
ट्रेड एक्सपर्ट गिरीश जौहर कहना है कि 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' और 'कंतारा: चैप्टर 1' की बॉक्स ऑफिस पर होने जा रही जोरदार टक्कर एक बड़ा घमासान हो सकता है। उन्हें लगता है कि ऋषभ की यह पीरियड माइथोलॉजिकल ड्रामा पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग लेगी।
गिरीश जौहर ने बताया, 'दोनों फिल्में अक्टूबर में ही रिलीज होने वाली हैं। इसलिए मुझे लगता है कि ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करेंगी। कंतारा: चैप्टर 1 घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सभी भाषाओं में 25 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग लेने में सफल रहेगी। वहीं सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी डबल डिजिट में कमाई कर पाएगी। खुशी होगी अगर यह फिल्म 8 से 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस करती है। यह एक लंबा वीकेंड है।'
'कंतारा चैप्टर 1' का निर्देशन ऋषभ शेट्टी ने ही किया है। इस मूवी में रुक्मिणी वसंत, जयराम, गुलशन देवैया और सप्तमी गौड़ा सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ऋषभ शेट्टी (Rishab Shetty) की 'कंतारा चैप्टर 1' को बनाने में मेकर्स ने 125 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। वैसे आप ऋषभ शेट्टी की 'कंतारा चैप्टर 1' को बड़े परदे पर देखने के लिए कितने उत्साहित हैं, इस बारे में आप अपनी राय हमें कमेंट्स के माध्यम से भी दे सकते हैं।
