बिजनेस

FD छोड़ो, RD पर भी मिल रहा 8.25% तक ब्याज! इस बैंक ने कराई ग्राहकों की मौज

अगर आप एकमुश्त पैसा FD में जमा नहीं कर पा रहे हैं, तो अब हर महीने RD के जरिये पूंजी जमा कर सकते हैं और FD के जितना ही ब्याज भी हासिल कर सकते हैं।

Image

RD से हर महीने कर सकते हैं बचत

RD Vs FD Interest Rate Comparison : बैंक में पैसा जमा करके अच्छा ब्याज कमाना चाहते हैं, लेकिन एक साथ बड़ी रकम निवेश करने का बजट नहीं है? तो आपके लिए Recurring Deposit (RD) एक अच्छा विकल्प हो सकता है। खास बात यह है कि अब RD पर भी कुछ बैंक 8% से ज्यादा ब्याज दे रहे हैं।

नवंबर 2026 में कई बैंकों ने अपनी RD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। इनमें HDFC Bank, ICICI Bank और Kotak Mahindra Bank भी शामिल हैं। हालांकि इन बैंकों की अधिकतम ब्याज दर Suryoday Small Finance Bank से कम है, लेकिन इनके ऑफर भी निवेशकों का ध्यान खींच रहे हैं।

5 साल की RD पर 8.25% ब्याज दे रहा यह बैंक

RD पर सबसे ज्यादा ब्याज देने वाले बैंकों में Suryoday Small Finance Bank फिलहाल आगे है। बैंक 5 साल की RD पर सामान्य ग्राहकों को 8.25% सालाना ब्याज दे रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज दर 8.50% है। ये दरें 17 नवंबर, 2026 से लागू हुई हैं। इसका मतलब है कि अगर आप हर महीने एक निश्चित रकम बचाकर निवेश करना चाहते हैं, तो इस बैंक की RD पर विचार कर सकते हैं। खासतौर पर उन लोगों के लिए यह विकल्प आकर्षक है, जो हर महीने अपनी कमाई में से कुछ हिस्सा अलग रखकर लंबी अवधि में बचत करना चाहते हैं।

HDFC Bank में 7.20% तक ब्याज

HDFC Bank ने 4 नवंबर, 2026 से कुछ चुनिंदा अवधि वाली RD पर ब्याज दरों में बदलाव किया है। अब सामान्य ग्राहकों को 39, 42, 45, 48, 51, 54, 57 और 60 महीने की RD पर अधिकतम 6.60% ब्याज मिल रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि में अधिकतम ब्याज दर 7.20% है। इस तरह HDFC Bank में निवेश करने वाले वरिष्ठ नागरिक भी RD के जरिए नियमित बचत पर अतिरिक्त ब्याज हासिल कर सकते हैं।

ICICI Bank में 7.20% तक रिटर्न

ICICI Bank ने भी 23 अक्टूबर 2026 से अपनी RD ब्याज दरों में संशोधन किया है। बैंक सामान्य ग्राहकों को 3 साल से ज्यादा और 10 साल तक की अवधि वाली RD पर अधिकतम 6.60% सालाना ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिकतम ब्याज दर 7.20% है, जो 3 साल से ज्यादा और 5 साल तक की अवधि वाली RD पर उपलब्ध है। 5 साल से ज्यादा और 10 साल तक की अवधि के लिए वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 7.10% ब्याज मिल रहा है।

Kotak Bank में 7.55% तक ब्याज

Kotak Mahindra Bank ने 4 नवंबर 2026 से RD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। बैंक सामान्य ग्राहकों को 24, 27, 30 और 33 महीने की अवधि वाली RD पर अधिकतम 6.80% ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि में अधिकतम ब्याज दर 7.55% है। यानी यहां वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों के मुकाबले 0.75 प्रतिशत ज्यादा ब्याज मिल रहा है।
बैंकसामान्य ग्राहकों के लिएवरिष्ठ नागरिकों के लिएअधिकतम ब्याज वाली अवधि
Suryoday Small Finance Bank8.25%8.50%5 साल
HDFC Bank6.60%7.20%39, 42, 45, 48, 51, 54, 57 और 60 महीने
ICICI Bank6.60%7.20%सामान्य: 3–10 साल; वरिष्ठ: 3–5 साल
Kotak Mahindra Bank6.80%7.55%24, 27, 30 और 33 महीने

FD और RD में क्या है अंतर?

FD यानी फिक्स्ड डिपॉजिट और RD यानी रिकरिंग डिपॉजिट (RD) दोनों बैंक में बचत और निवेश के विकल्प हैं, लेकिन इनमें निवेश का तरीका अलग है। FD में आपको एकमुश्त रकम जमा करनी होती है, जबकि RD में हर महीने एक निश्चित रकम जमा की जाती है।

RD उन लोगों के लिए सुविधाजनक है, जिनकी हर महीने नियमित कमाई होती है और वे उसमें से कुछ हिस्सा बचाना चाहते हैं। वहीं, जिनके पास पहले से एकमुश्त रकम उपलब्ध है, वे FD पर विचार कर सकते हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article