Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) 20 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा। इस गंभीर प्रकृति के तूफान का असर बिहार के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। बिहार में सुबह और शाम की ठंड बढ़ रही है, जबकि कई जिलों में घने कोहरे के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आज यानी बुधवार 18 नवंबर को सुबह समस्तीपुर, बेगूसराय, बगहा और सुपौल सहित कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 100 मीटर तक रह गई। पिछले 24 घंटे में बिहार के कुछ जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम के इस बदलाव के बीच शनिवार 21 नवंबर को बिहार के 13 जिलों में हल्की बूंदाबांदी या फुहारें पड़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान के कारण आने वाली नम हवाओं से राज्य के कुछ हिस्सों में इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, बिहार में तूफान का कोई सीधा या विनाशकारी असर होने का अनुमान नहीं है।
पटना में 18.4 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
तापमान की बात की जाए तो अरवल आज 13.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पूर्णिया में पारा 4 डिग्री गिरकर 16.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यहां कोहरे के चलते विजिबिलिटी घटकर 400 मीटर रह गई।
मुजफ्फरपुर में सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी लगभग 150 मीटर दर्ज की गई। बेगूसराय में विजिबिलिटी 50 से 60 मीटर और सुपौल में 40 से 50 मीटर के आसपास रही। मुंगेर के ग्रामीण इलाकों में भी आज घना कोहरा छाया रहा। समस्तीपुर में सुबह लगभग 8 बजे तक कोहरे का असर देखने को मिला। बगहा में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि नालंदा में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
अकवान से 13 जिलों में बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान, आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसका मुख्य प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में रहने का अनुमान है। हालांकि, तूफान से आने वाली नम हवाओं के कारण बिहार के मौसम में भी बदलाव हो सकता है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 21 नवंबर को राज्य के 13 जिलों में हल्की बूंदाबांदी या फुहारें पड़ सकती हैं। बिहार में तूफान का असर सीमित रहने की संभावना है।
अगले 3-4 दिन कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों तक बिहार के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
ये भी पढ़ें - सब कुछ उड़ाने पर आमादा अकवान, आंध्र तट पर देगा दस्तक
अगले 72 घंटों तक सुबह के समय बिहार के ज्यादातर जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक सिमट सकती है। शनिवार 21 नवंबर को 13 जिलों में हल्की बूंदाबांदी के बाद अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
फिलहाल बिहार में कड़ाके की ठंड का इंतजार करना होगा। हालांकि, सुबह और शाम बढ़ती ठंड व घने कोहरे को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
