Rahul Gandhi News: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय अर्थव्यवस्था पर दिए गए बयानों को 'निराधार, झूठा और भारत विरोधी' करार दिया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि गांधी विदेशी मंचों पर देश की छवि खराब करने की सोची-समझी कोशिश कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनका मकसद भारत की प्रगति को चोट पहुंचाना और देश की मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय छवि को कमजोर करना होता है।
नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते भाटिया ने कहा, 'नेता प्रतिपक्ष ने अमेरिका दौरे के दौरान कोलंबिया विश्वविद्यालय में निराधार टिप्पणियां कीं, झूठे बयान दिए और बेबुनियाद आरोप लगाए। यह भारत को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश है। उनके आचरण से पूरा देश शर्मिंदा है।' उन्होंने दावा किया कि गांधी जब भी विदेश जाते हैं, उनका मकसद भारत की प्रगति को चोट पहुंचाना और देश की मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय छवि को कमजोर करना होता है।
कांग्रेस नेता के बयान को 'जहरीला' बताया
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी को 'भारत का मीर जाफर' बताते हुए उनके बयानों को 'जहरीला' कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर रहते हुए गांधी राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं। भाटिया ने कहा, 'लोग कहते हैं कि राहुल गांधी बचकानी हरकतें करते हैं और अपरिपक्व हैं, लेकिन जब नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए विदेशी धरती से ऐसे शब्द बोले जाते हैं, तो यह उनके भारत विरोधी होने को दर्शाता है।'
सरकार को अस्थिर करना चाहते हैं राहुल-गौरव भाटिया
उन्होंने संसद सत्र से पहले गांधी के विदेश जाने को एक पैटर्न बताया और संसद के आगामी शीतकालीन सत्र का जिक्र किया। भाटिया ने सवाल उठाया कि क्या गांधी 'विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने' जाते हैं। उन्होंने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर से गांधी की पुरानी मुलाकात का हवाला दिया और जॉर्ज सोरोस से जुड़ी तस्वीरों का उल्लेख भी किया। साथ ही उन्होंने गांधी को 'आदतन अपराधी' कहते हुए आरोप लगाया कि वे 12 साल से चली आ रही स्थिर सरकार को अस्थिर करना चाहते हैं।
दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं राहुल गांधी
यह बयान उस समय आया है जब राहुल गांधी ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में कहा था कि भारत 'आर्थिक आपदा' पर बैठा है। उन्होंने कहा, 'सच्चाई यह है कि भारत में बेरोजगारी की बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था में भी गंभीर खामियां हैं। कोई इसे नकार सकता है, मीडिया भी नकार सकता है, लेकिन यही हकीकत है।' राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क में उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद किया। वे आज शिकागो विश्वविद्यालय का भी दौरा करेंगे।
