एजुकेशन

CGBSE 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर! प्रैक्टिकल छूटा तो नहीं मिलेगा दोबारा मौका

CGBSE Practical Exam 2027: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए अहम अपडेट है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2026-27 की प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क का शेड्यूल जारी कर दिया है।

Image

छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क का शेड्यूल जारी (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

CGBSE 10th-12th Practical Exam Instructions: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए अहम अपडेट है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2026-27 की प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क का शेड्यूल जारी कर दिया है। नियमित विद्यार्थियों की ये परीक्षाएं 1 जनवरी से 30 जनवरी 2027 के बीच उनके संबंधित स्कूलों में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने इस बार प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। अगर कोई विद्यार्थी तय तारीख पर परीक्षा में शामिल नहीं होता है, तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को अनुपस्थित माना जाएगा। इसलिए छात्रों को अपने स्कूल से परीक्षा की तारीख पहले ही पता कर लेनी चाहिए।

बोर्ड के अनुसार, 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं दो पालियों में होंगी।

पालीपरीक्षा का समय
पहली पालीसुबह 8 से 11 बजे
दूसरी पालीदोपहर 2 से शाम 5 बजे

प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए बाहरी परीक्षक की नियुक्ति बोर्ड करेगा। स्कूल अपनी मर्जी से किसी बाहरी परीक्षक को नियुक्त नहीं कर सकेंगे। वहीं, प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन संबंधित स्कूल के विषय शिक्षक ही करेंगे।

31 जनवरी तक अपलोड करने होंगे नंबर

प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क पूरा होने के बाद स्कूलों को 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अंक दर्ज करने होंगे। नंबर अपलोड करने के बाद उनकी दोबारा जांच करना जरूरी होगा। बाहरी परीक्षक और प्राचार्य के हस्ताक्षर के बाद दो प्रतियां निकालकर पोर्टल लॉक करना होगा।

बोर्ड ने साफ किया है कि रिजल्ट घोषित होने के बाद प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट के अंकों में बदलाव के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन नंबर दर्ज करने में गलती होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा

40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों की मांग पर स्कूलों को लेखक, रीडर या लैब असिस्टेंट की सुविधा देनी होगी।

छात्रों और स्कूलों के लिए जरूरी बातें

  • परीक्षा की तारीख अपने स्कूल से पहले ही पता करें।
  • तय समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें।
  • प्रोजेक्ट वर्क निर्धारित समय में पूरा करें।
  • स्कूलों को उत्तर पुस्तिकाओं और अंकों के रिकॉर्ड सुरक्षित रखने होंगे। इन्हें रिजल्ट घोषित होने के बाद छह महीने तक संभालकर रखना होगा।

इसलिए विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षा को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अनुपस्थित रहने पर दोबारा परीक्षा का विकल्प नहीं दिया जाएगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article