चारों बहनों से मस्ती मजाक करते सुशांत का VIDEO वायरल, दिखा परिवार के साथ खुशनुमा रिश्ता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2020, 12:10 PM IST

SSR Fun VIDEO with Four Sisters: सुशांत का बहनों के मस्ती मजाक करते हुए एक और वीडियो सामने आया है, जो दिखाता है कि अभिनेता का उनके परिवार से बेहद खुशनुमा रिश्ता था।

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून को उनके बांद्रा स्थित आवास पर हुआ। उनके असामयिक निधन ने उनके फैंस को स्तब्ध कर दिया। निधन के बाद से उनके फैंस और परिवार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। दिवंगत अभिनेता को याद करने के लिए लोग सोशल मीडिया पर अनदेखे वीडियो और तस्वीरें भी शेयर करते रहते है।

अब टाइम्स नाउ को सुशांत और उनकी चार बहनों श्वेता सिंह कीर्ति, प्रियंका, मीतू और नीतू का एक वीडियो मिला है। वीडियो में सुशांत अपने परिवार के साथ मस्ती मजाक करते हुए नजर आ रहे हैं।

ऐसा लगता है कि वीडियो 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ की रिलीज से पहले का है क्योंकि अभिनेता की बहन को यह कहते हुए सुना जा सकता है- 'मेरे भाई से मिलें, वह धोनी की भूमिका निभा रहे हैं।' एक बहन कह रही है कि उन्हें सुशांत पर गर्व है।

यह वीडियो पहली बार सामने आया है और इससे पहले कभी नहीं देखा गया था। सुशांत और उनकी बहनें मजाक करते हुए एक साथ हंसते देखा जा सकता है जो अभिनेता के परिवार से खुशनुमा रिश्ते को दिखाता है।

गौरतलब है कि सुशांत सुसाइड मामले में आरोपों और जांच का सामना कर रहीं रिया चक्रवर्ती का कहना था कि सुशांत के अपनी बहन के साथ अच्छे रिश्ते नहीं थे और दोनों की आपस में अनबन चलती रहती थी हालांकि फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो इसकी उलट तस्वीर दिखा रहे हैं।

अभिनेता के परिवार ने दिवंगत अभिनेता के लिए 24 घंटे की आध्यात्मिक और प्रार्थना का आयोजन किया। उनकी बहन श्वेता ने सभी प्रशंसकों से परिवार से जुड़ने और उनका समर्थन करने की अपील की थी।

End of Article