Arun Bali passes away : बॉलीवुड से शुक्रवार सुबह एक और बुरी खबर आई। हिंदी सिनेमा के जाने माने अभिनेता अरुण बाली का 79 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक अरुण बाली ने सुबह 4:30 मिनट पर आखिरी सांस ली। कई सेलेब्स और फैंस सोशल मीडिया पर शोक जाहिर कर रहे हैं और फैंस उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं। अरुण बाली के निधन ने टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई है।
23 दिसम्बर 1942 को अरुण बाली लाहौर में पैदा हुए थे। वह कई दिग्गज कलाकारों के साथ भी काम कर चुके थे। अरुण बाली लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें दुर्लभ बीमारी Myasthenia Gravis ने घेर लिया था। यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है जो नर्व्स और मसल्स के बीच कम्युनिकेशन फेलियर की वजह से होती है।
अरुण बाली ने अपने करियर की शुरुआत 90 के दशक से की थी। साल 1991 में आई फिल्म सौगंध से उन्होंने डेब्यू किया था। अपने करियर में वह 50 से अधिक फिल्मों में नजर आए। आखिरी बार वह आमिर खान और करीना कपूर स्टारर फिल्म लाल सिंह चड्ढा (Laal singh chaddha) में दिखाई दिए। इस फिल्म में उनका रोल छोटा था लेकिन काफी पसंद किया गया था।
वह राजू बन गया जेंटलमैन, खलनायक, जब वी मेट, फूल और अंगारे, लगे रहो मुन्ना भाई, ओम जय जगदीश, पुलिस वाला गुंडा, मासूम, सत्या, शिकारी, थ्री इडियट्स, बर्फी, पीके, बागी, मनमर्जियां, पानीपत, सम्राट पृथ्वीराज, केदारनाथ जैसी कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। वहीं अरुण बाली बॉलीवुड के साथ साथ टीवी पर काफी सक्रिय थे। उन्होंने दो दर्जन से अधिक टीवी शोज में काम किया। वह 'बाबुल की दुआएं लेती जा', कुमकुम जैसे कई सीरियल्स में काम कर चुके थे।
