Salman Khan out From War 2-Pathaan 2: बीते साल बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) ने शाहरुख खान की कमबैक फिल्म 'पठान' (Pathaan) में धांसू कैमियो किया था। यही नहीं मेकर्स ने वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की 'टाइगर 3' में भी शाहरुख खान का कैमियो रखा था। दोनों फिल्मों के सफल होने के बाद के बाद खबरें आ रही थीं कि सलमान खान एक बार फिर वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स फिल्मों 'वॉर 2' (War 2) और 'पठान 2' (Pathaan 2) में टाइगर की भूमिका को दोहराते नजर आएंगे। अब जो ताजा जानकारी सामने आई हैं उन्होंने भाईजान के फैन्स को निराश कर दिया है। इन दोनों ही फिल्मों में सलमान खान को कैमियो करते हुए नहीं देखा जाएगा।
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार वाईआरएफ टीम को लगता है कि फैन्स ने टाइगर को काफी बार देख लिया है। ऐसे में अब टाइगर की वापसी धमाकेदार और अहम होनी चाहिए। एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया की फीचर फिल्मों में टाइगर का कैमियो होने से उनकी अहमियत कम होती नजर आ रही है। टीम ने सलमान खान के साथ इस बारे में चर्चा की और भाईजान भी मेकर्स के इस फैसले पर सहमत हुए हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही करण जौहर के निर्देशन में बन रही फिल्म 'द बुल' में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन विश्नुवर्धान कर रहे हैं। फिल्म में सलमान खान के अपोजिट तृषा कृष्णन नजर आएंगी। इसके अलावा सलमान खान ने हाल ही में साजिद नाडियाडवाला और एआर मुरुगादॉस की नई फिल्म के लिए हाथ मिलाया है। इस बात की घोषणा खुद सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से की है।
