बॉलीवुड

दिल्ली में प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई से नाराज हुए Prakash Raj, अनुराग कश्यप बोले- लाखों बहादुर लोग डटे हैं

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 10, 2026, 05:52 PM IST

Stars on CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर फिल्मी दुनिया की कई हस्तियों ने नाराजगी जताई है। प्रकाश राज और अनुराग कश्यप ने भी इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी।

Image

दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन पर अब स्टार्स के रिएक्शन सामने आने शुरू हो गए हैं। (Image Source: IMDb)

Stars Reaction on CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार, 10 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस की सख्त कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के मामले ने फिल्म इंडस्ट्री में भी बहस छेड़ दी है। एक्टर प्रकाश राज (Prakash Raj), फिल्ममेकर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) और गायक विशाल ददलानी (Vishal Dadlani) समेत कई लोगों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। ये प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाया गया था। प्रदर्शन के आयोजक चुनावी वोटर लिस्ट में बदलाव से जुड़ी कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने की खबरों पर फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रकाश राज ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

एक्टर और एक्टिविस्ट प्रकाश राज (Prakash Raj) ने अपने X अकाउंट पर सतीश आचार्य का बनाया एक कार्टून शेयर किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'आखिर कब तक आप नागरिकों के विरोध से बचते रहेंगे? #justasking।” उन्होंने हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को लेकर एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें उन्होंने फ्लाइट से अभिजीत, सौरव और आशुतोष को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाए। प्रकाश राज ने कहा, 'ये क्या हंगामा है? युवाओं को फ्लाइट और उनके घरों से हिरासत में लिया जा रहा है? उन्हें विरोध प्रदर्शन वाली जगह तक भी नहीं पहुंचने दिया जा रहा? आपने हमारी आवाज को गिरफ्तार नहीं किया है! आपने खुद को गिरफ्तार कर लिया है। यह देश आपको लोकतंत्र खत्म नहीं करने देगा। यह एक लंबी लड़ाई है और हम सवाल पूछते रहेंगे खेल शुरू हो चुका है! देश देख रहा है।'

अनुराग कश्यप ने प्रदर्शनकारियों का किया समर्थन

वहीं, डायरेक्टर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पोस्ट किया। एक अलग पोस्ट में अनुराग ने इंस्टाग्राम यूजर्स से ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को लाइव फॉलो करने की अपील भी की। नेहा ने दिल्ली हाट में सैकड़ों लोगों के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। बाद में उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया।

बॉलीवुड के दूसरे सितारों ने भी जताया विरोध

एडिटर और फिल्ममेकर अपूर्व असरानी (Apurva Asrani) ने 10 अक्टूबर को अभिजीत दिपके, रत्ना सिंह और ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने का जिक्र किया। सिंगर विशाल ददलानी (Vishal Dadlani) ने भी पुलिस की कार्रवाई पर गुस्सा जताते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा, 'इस समय पूरी दुनिया देख रही है कि सिस्टम एक व्यक्ति को बचाने के लिए किस हद तक जा सकता है। वह अपने ही लोगों और देश में विरोध प्रदर्शन करने के उनके अधिकार के खिलाफ जा रहा है। कार्रवाई के लिए 23 बटालियन बुलाई गई हैं। ट्रेन और मेट्रो रद्द होने से पूरा शहर ठप पड़ा है। ये सब सिर्फ एक व्यक्ति को बचाने के लिए हो रहा है! इसलिए खुद सोचिए कि इस व्यक्ति ने सिस्टम के लिए ऐसा क्या किया होगा और उसे बचाने के लिए सिस्टम किस हद तक टूट चुका है।' फिल्ममेकर शिरीष कुंदर (Shirish Kunder) ने X पर लिखा, 'अगर आपको अपने ही लोगों से खुद को बचाने के लिए ताकत का इस्तेमाल करना पड़े, तो आप आखिर कब तक टिक पाएंगे?' एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'जब बच्चे भी आपका मजाक उड़ाने लगें, तो समझ जाना चाहिए कि अब कोई भी आपसे डरता नहीं है।' फिल्ममेकर विक्रमादित्य मोटवाने (Vikramaditya Motwane) ने भी दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कई पोस्ट शेयर किए। वहीं, एक्टर मोहम्मद जीशान अय्यूब (Mohammed Zeeshan Ayyub) ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जर्मन थिएटर कलाकार और नाटककार बर्टोल्ट ब्रेख्त की कविता का हिंदी अनुवाद अपने X अकाउंट पर शेयर किया।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article