बॉलीवुड

Oscars 2027 की रेस में पहुंची रणबीर कपूर और यश की Ramayana, इस कैटेगरी में मेकर्स ने भेजी फिल्म

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 11, 2026, 08:16 PM IST

Ramayana Oscars 2027: रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज के बाद से लगातार सुर्खियों में है। अब फिल्म ऑस्कर की रेस में शामिल हो गई है। तो चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है।

Image

भारत की ऑफिशियल एंट्री नहीं, फिर भी ऑस्कर में दावेदारी पेश करेगी ‘रामायण’, जानें कैसे मिला मौका (Image Source: Ramayana Movie)

Ramayana Oscars 2027: बॉलीवुड के जाने-माने स्टार रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) की फिल्म रामायण (Ramayana) इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। रणबीर कपूर की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गदर काट रही है। फिल्म अब तक बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है और अब इसकी चर्चा इंडियन सिनेमा से आगे भी पहुंचती दिखाई दे रही है। फिल्म की रिलीज के कुछ ही दिनों बाद इससे जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है।

ऑस्कर की रेस में शामिल हुई ‘रामायण’

नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ (Ramayana: Part 1) एक बार फिर से चर्चा में है। फिल्म 'रामायण' के मेकर्स ने इसे 2027 के ऑस्कर के लिए भेज दिया है। इस फिल्म को विजुअल इफेक्ट्स (Visual Effects) कैटेगरी में मुकाबले के लिए स्वतंत्र रूप से सबमिट किया गया है। हालांकि, अभी ये साफ नहीं है कि फिल्म को दूसरी कैटेगरी में भी भेजा गया है या नहीं। इस मामले से जुड़े सूत्रों ने जूम (Zoom) को इस खबर की पुष्टि की है। आपको बता दें कि फिल्म 'रामायण' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर को रिलीज हुई थी। दिवाली पर रिलीज होने की वजह से ये फिल्म द एकेडमी की सितंबर की डेडलाइन पूरी नहीं कर पाई। हालांकि, एकेडमी के नियमों के मुताबिक सितंबर के बाद रिलीज होने वाली फिल्में भी ऑस्कर के लिए अपनी एंट्री भेज सकती हैं। नियम के अनुसार, जिन फिल्मों ने 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच सिनेमाघरों में अपनी जरूरी रिलीज पूरी की है, उन्हें ऑस्कर सबमिशन के सभी फॉर्म (जनरल एंट्री और बेस्ट पिक्चर) और पूरी स्क्रीन क्रेडिट लिस्ट 12 नवंबर 2026, गुरुवार को शाम 5 बजे (पैसिफिक टाइम) तक एकेडमी में जमा करनी होगी।

‘पायर’ ऑस्कर में हुई सबमिट

नेशनल अवॉर्ड जीत चुके फिल्ममेकर विनोद कापड़ी (Vinod Kapri) ने अपनी स्वतंत्र फिल्म 'पायर' (Pyre) को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर की जनरल एंट्री कैटेगरी में शामिल होने के लिए स्वतंत्र रूप से सबमिट किया है। हाल ही में एक बातचीत के दौरान डायरेक्टर ने इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने ये भी बताया कि उन्होंने अपनी फिल्म को ऑस्कर के लिए खुद से भेजने का फैसला क्यों लिया। इंडिया टुडे से बातचीत में विनोद कापड़ी ने माना कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि उनकी फिल्म दुनिया भर के इतने लोगों के दिलों को छू पाएगी। उन्होंने कहा, "हमने 'पायर' को स्वतंत्र रूप से बनाया था। हमें इसकी कहानी और इसे बनाने वाले लोगों पर पूरा भरोसा था। हमने कभी नहीं सोचा था कि हिमालय के एक छोटे से गांव के दो आम लोगों की कहानी दुनिया भर के इतने लोगों के दिलों को छू लेगी। ये फिल्म इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स तक पहुंची, इसे अवॉर्ड मिले और सबसे जरूरी बात ये है कि इसे अपने दर्शक भी मिले।"

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article