Dharmendra Asthi Visarjan: बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra Deol) ने 24 नवम्बर के दिन अपनी आखिरी सांस ली और फैंस को छोड़कर चले गए। लम्बी बीमारी के बाद धर्मेंद्र ने इस दुनिया को अलविदा कहा और अपने पीछे लाखों फैंस के साथ-साथ भरा-पूरा परिवार छोड़कर चले गए। धर्मेंद्र के परिवार ने उनका अंतिम संस्कार बिना राजकीय सम्मान के ही कर दिया क्योंकि परिवार नहीं चाहता था कि हीमैन के अंतिम संस्कार में बहुत भीड़ हो। इस कारण उनके फैंस भी थोड़े खफा हो गए थे लेकिन बाद में उन्होंने देओल परिवार की मजबूरी को समझा। चुपचाप अंतिम संस्कार करने के बाद धर्मेंद्र के परिवार ने उनकी अस्थियां भी शांतिपूर्ण तरीके से बिना किसी को बताए ही गंगा में विसर्जित कर दी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत के हाथ लगी जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र के बच्चों सनी देओल और बॉबी देओल ने 3 दिसम्बर के दिन हरिद्वार में अपने पिता की अस्थियां विसर्जित कीं। सनी देओल और बॉबी देओल ने अस्थि विसर्जन कार्यक्रम तीर्थ पुरोहित पंडित मोतीराम शर्मा से विधि विधान के अनुरूप कराया। सनी और बॉबी पिता धर्मेंद्र की अस्थियां विसर्जित करने के लिए अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। देओल परिवार ने इस कार्यक्रम को गोपनीय बनाए रखा क्योंकि वो नहीं चाहते थे कि दुख की इस घड़ी में लोगों की भीड़ उन्हें घेरे, जिस कारण किसी प्रकार की परेशानी पैदा हो।
बॉबी देओल ने भतीजों और बेटों को गले लगाकर दिया दिलासा
धर्मेंद्र अपने पोतों के काफी करीब थे। सनी देओल और बॉबी देओल के साथ-साथ उनके बच्चे भी दादा धर्मेंद्र की अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। जब सनी देओल और बॉबी देओल ने अस्थियां विसर्जित कर रहे थे तो सभी बच्चे रोने लगे, जिसके बाद बॉबी देओल ने अपने बेटों और भतीजों को गले लगाकर चुप कराया और उन्हें दिलासा दिया। धर्मेंद्र बॉलीवुड के अकेले ऐसे अभिनेता थे जो ज्वाइंट फैमिली में भरोसा रखते थे और इसी कारण उनकी फैमिली आज भी एक ही घर में साथ रहती है।
