श्रीदेवी को पर्दे पर देखते ही बोनी कपूर ने कर लिया था ये फैसला, पहली फिल्म के लिए दी थी डिमांड से ज्यादा फीस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 24, 2022, 10:13 AM IST

Sridevi Love Story: एक्ट्रेस श्रीदेवी की आज डेथ एनिवर्सरी है। 24 फरवरी 2018 को श्रीदेवी का निधन हुआ था, जिसे चार साल बीत गए है। आज हम आपको बता रहे हैं श्रीदेवी और बोनी कपूर की लव स्टोरी के बारे में।

श्रीदेवी को पर्दे पर देखते ही बोनी कपूर ने कर लिया था ये फैसला, पहली फिल्म के लिए दी थी डिमांड से ज्यादा फीस

Sridevi and Boney Kapoor Love Story: एक्ट्रेस श्रीदेवी का चार साल पहले आज ही के दिन यानी 24 फरवरी, 2018 को निधन हो गया था। इस खबर ने हर किसी को हिला रख दिया था और कोई भी इसपर यकीन नहीं कर पा रहा था। श्रीदेवी अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी अटेंड करने दुबई गई थीं और यहां उनका निधन हो गया। श्रीदेवी के निधन को चार साल बीत गए हैं लेकिन फैंस आज भी उन्हें याद करते हैं और इस गम को भुला नहीं पा रहे हैं। 

श्रीदेवी के पति और प्रोड्यूसर बोनी कपूर भी अक्सर अपनी दिवंगत पत्नी को याद करते हैं। बोनी श्रीदेवी से बहुत प्यार करते थे जिसे वो आज भी सोशल मीडिया के जरिए बयां करते हैं। जानें कैसी है दोनों की लव स्टोरी। 

श्रीदेवी को देख उनके साथ काम करने का लिया फैसला

बोनी कपूर ने 70 के दशक में पहली बार स्क्रीन पर श्रीदेवी को देखा था, वो कोई तमिल फिल्म थी। फिल्म में श्रीदेवी को देखते ही बोनी ने उनके साथ काम करने का फैसला कर लिया था। बोनी चाहते थे कि श्रीदेवी उनकी फिल्म में काम करें। श्रीदेवी से मिलने बोनी कपूर चेन्नई में उनके घर गए, लेकिन वो वहां नहीं थीं। श्रीदेवी अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए सिंगापुर गई हुईं थी जिसके चलते दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी। बोनी कपूर उनकी फिल्म देखने के बाद श्रीदेवी को दिमाग से नहीं निकाल पा रहे थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था, 'मैंने श्रीदेवी को फिल्म सोलहवां साल में देखा, यह कोई ग्लैमरस फिल्म नहीं थी लेकिन उसने मुझपर बहुत असर किया जिसे मैं बयां नहीं कर सकता। वो मेरे दिमाग में थीं।'

इस फिल्म में श्रीदेवी संग करना चाहते थे काम

बोनी कपूर ने श्रीदेवी को फिल्म मिस्टर इंडिया के लिए साइन करने का फैसला कर लिया था। वो श्रीदेवी के साथ ये फिल्म बनाना चाहते थे। बोनी उनसे मिलने के लिए उनकी फिल्म के सेट पर पहुंच गए। पहली मुलाकात के बारे में बोनी ने बताया कि यह उनका सपना पूरा होने जैसा था। वो पहली मुलाकात में ही श्रीदेवी से काफी इंप्रेस हुए थे। इस बारे में बोनी ने बताया था,'वो अजनबियों से आसानी से बात नहीं करती थीं और उस समय मैं उनके लिए अजनबी था। उन्होंने टूटी हिंदी और अंग्रेजी में कुछ बातें कहीं जिन्होंने मेरा दिल छू लिया। मैं उनके बारे में जानने के लिए और उत्सुक हो गया।'

डिमांड से ज्यादा फीस

बोनी कपूर शेखर कपूर की फिल्म मिस्टर इंडिया के लिए श्रीदेवी को हर हाल में साइन करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने उनकी मां को डिमांड से ज्यादा फीस का भुगतान किया था। श्रीदेवी की मां उनकी मैनेजर थीं और उन्होंने फिल्म के लिए 10 लाख की मांग की थी, लेकिन बोनी कपूर ने उन्हें 11 लाख रुपये फीस देने की पेशकश की थी। इस बारे में बोनी कपूर ने बताया था, 'श्री सबसे ज्यादा फीस लेने वाली फीमेल एक्टर्स में से थीं।। मुझे पता था कि उस समय वो लगभग 8-8.5 लाख रुपये एक फिल्म के लिए चार्ज करती थीं। मैंने उनकी बात सुनी और कहा नहीं, मैं 11 लाख दूंगा। उन्हें लगा कि मैं मुंबई का कोई पागल प्रोड्यूसर हो जो उनकी मांगी गई फीस से ज्यादा दे रहा हूं। इससे मैं उनकी मां के करीब आ गया।' 

श्रीदेवी के लिए खास इंतजाम

जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई तब बोनी कपूर ने श्रीदेवी को इंप्रेस करने की हर मुमकिन कोशिश की। उन्होंने श्रीदेवी को बेस्ट मेकअप रूम से लेकर बेस्ट कॉस्ट्यूम तक दिया। बोनी ने इंटरव्यू में बताया था कि वो जब भी श्रीदेवी से मिलते थे उनसे और ज्यादा इंप्रेस हो जाते थे। 

1996 में की शादी

बोनी श्रीदेवी को पसंद करने लगे थे और बाद में श्रीदेवी को भी उनसे प्यार हो गया। श्रीदेवी यह जान चुकी थीं कि वो उनसे प्यार करते हैं। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। मालूम हो कि बोनी कपूर शादीशुदा थे। उन्होंने साल 1983 में मोना शौरी से शादी की थी और उनके दो बच्चे भी थे बेटा अर्जुन कपूर और बेटी अंशुला कपूर। लेकिन बोनी कपूर ने अपनी पहली पत्नी मोना शौरी को तलाक देकर साल 1996 में श्रीदेवी से शादी कर ली। बता दें कि श्रीदेवी और बोनी कपूर की दो बेटियां जान्हवी कपूर और खुशी कपूर हैं। 
 

End of Article