KK Death: कोलकाता पहुंचा केके का परिवार, पोस्टमॉर्टम के बाद मुंबई ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 1, 2022, 10:31 AM IST

ताजा जानकारी के अनुसार केके की पत्नी और बेटे कोलकाता पहुंच गए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को मुंबई ले जाया जाएगा और वहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

KK Death: कोलकाता पहुंचा केके का परिवार, पोस्टमॉर्टम के बाद मुंबई ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

Singer KK Death Update: 'जरा सी दिल में दे जगह तू' से लेकर 'हम रहें या न रहें कल' तक जैसे बेहतरीन गानों को आवाज देने वाले मशहूर सिंगर केके यानि कृष्ण कुमार कुन्नथ अब हमारे बीच नहीं रहे। मंगलवार देर रात हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। ताजा जानकारी के अनुसार केके की पत्नी और बेटे कोलकाता पहुंचे चुके हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को मुंबई ले जाया जाएगा और वहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।  

सिद्धू मूसेवाला की मौत के सदमे से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि केके की मौत ने बड़ा झटका दे दिया है। कोलकाता पहुंचते ही परिवार के लोग ICMR हॉस्पिटल पहुंचे। यहां से पोस्टमॉर्टम के लिए केके की बॉडी को SSKM हॉस्पिटल ले जाया जाएगा। 53 साल के केके मंगलवार को कोलकाता के नजरूल मंच पर एक कॉलेज इवेंट में परफॉर्म करने गए थे। यहां से वह होटल गए और बेहोश हो गए। CMRI अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। केके के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

केके के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ की असमय मृत्यु की खबर सुनकर दुखी हूं। उनके गीतों में व्यापक भाव प्रदर्शित होते हैं। हम उन्हें सदैव उनके गीतों के माध्यम से याद करेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।'

बता दें कि केके का जन्म 23 अगस्त 1970 को हुआ था। केके ने हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली, गुजराती, तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ और तमिल गानों के लिए अपनी आवाज दी है। केके को बॉलीवुड में फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के गाने 'तड़प तड़प' से बड़ा ब्रेक मिला था। 

ऐसी है फैमिली 

केके ने अपनी बचपन की दोस्त ज्योति से साल 1991 में शादी (K.K Wife) की थी। केके और ज्योति के दो बच्चे नकुल और तामरा हैं। नकुल ने उनकी एलबम हमसफर में 'मस्ती' गाना गाया है। 

End of Article