फाइटर पायलट बनीं Kangna Ranaut का Tejas के साथ नया लुक, दिसंबर में शुरू होगी शूटिंग!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2020, 10:52 AM IST

Kangana Ranaut Tejas Film: कंगना रनौत ने अपनी आने वाली फिल्म तेजस का नया पोस्टर शेयर किया है। सर्वेश मेवाड़ा द्वारा निर्देशित की जाने वाली फिल्म इस साल दिसंबर में शुरू होगी।

फाइटर पायलट बनीं Kangna Ranaut का Tejas के साथ नया लुक, दिसंबर में शुरू होगी शूटिंग!

मुंबई: अभिनेत्री कंगना रनौत ने शुक्रवार को अपनी आगामी फिल्म तेजस के एक नए पोस्टर को शेयर किया है जिसमें वह वायु सेना पायलट की वर्दी में भारत के स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान के साथ नजर आ रही हैं। इसके साथ ही अभिनेत्री ने घोषणा की कि फिल्म पर काम दिसंबर से शुरू होगा। कंगना की फिल्म का नाम भी 'तेजस' है जो भारतीय वायु सेना के निडर और बहादुर पायलटों की कहानी पर आधारित है। कंगना ने आज अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर एक नया पोस्टर साझा किया।

ट्विटर पर कंगना ने लिखा, 'इस दिसंबर तेजस का टेक-ऑफ होगा! इस कहानी का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रही हूं, जो हमारे बहादुर एयरफोर्स पायलटों की यात्रा दिखाती है! जय हिंद।'

Kangna to play IAF pilot in Tejas film

नए लुक पोस्टर में, कंगना साहसी और बहादुर अंदाज में लड़ाकू विमान के आगे नजर आ रही हैं। फिल्म उन सभी बहादुर पायलटों को श्रद्धांजलि देते हुए तैयार की जाएगी जिन्होंने देश की सुरक्षा में योगदान देते हुए अपनी सेवा दी है।

ताजा पोस्टर से पहले इसी तरह का एक पोस्टर इस फिल्म को लेकर सामने आ चुका है और इसमें भी कंगना भारत के स्वदेशी तेजस कॉम्बैट फाइटर जेट के पास यूनिफॉर्म और हाथ में हेलमेट के साथ नजर आई थीं। इस पोस्टर में किसी रेगिस्तानी इलाके का एयरबेस दिखाया गया था।

Kangna film Tejas

रिपोर्ट्स के अनुसार इस फिल्म की शूटिंग पहले ही शुरू होने वाली थी लेकिन कोरोना महामारी की वजह से लंबे समय तक यह तारीख टलती रही। खबरों के मुताबिक इसकी शूटिंग मुंबई और राजस्थान में होगी।

यह मणिकर्णिका के बाद देशभक्ति से जुड़े विषय पर कंगना की एक और फिल्म होगी। इसके अलावा कंगना 'थलाइवी' में भी नजर आने वाली हैं। एएल विजय द्वारा निर्देशित की जा रही यह फिल्म पूर्व अभिनेत्री और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता पर आधारित एक बायोपिक है। फिल्म का पहला टीज़र और लुक कुछ समय पहले ही जारी किया गया था।

End of Article