बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस सोमवार रात मुंबई नहीं ले जाएगी। सुरक्षा कारणों के चलते मुंबई पुलिस ने रात में आरोपियों को लेकर रवाना होने का फैसला टाल दिया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को रेलवे कॉलोनी थाने में रखा गया है। थाने के बाहर भारी पुलिस बल और कमांडो तैनात किए गए हैं। पूरे थाने को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। संभावना है कि पुलिस मंगलवार तड़के तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई रवाना होगी।
फायरिंग के बाद ऐसे भागे आरोपी
मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रोशन ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं। फायरिंग के बाद आरोपी मुंबई से निकलकर सूरत की ओर गए। इसके बाद उन्होंने जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ी। पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और राजस्थान पुलिस से संपर्क कर कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ने की योजना बनाई।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को मुंबई के अंधेरी इलाके में छोड़ दिया था। इसके बाद वे स्थानीय ट्रेन और कैब के जरिए आगे बढ़े और पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भागने के दौरान उन्हें किसने मदद दी और क्या इस पूरी योजना में अन्य लोग भी शामिल थे।
कोटा एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन से निकलने की बात बताई। उनकी योजना जयपुर से बस के जरिए दिल्ली पहुंचने और फिर नेपाल की सीमा पार करने की थी। हालांकि, पुलिस ने उन्हें कोटा में ही पकड़ लिया। आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां छिपाए गए या किसके पास हैं।
कोटा पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया। मुंबई पुलिस ने उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर महाराष्ट्र ले जाने के लिए 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड हासिल की। आरोपियों में बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी की उम्र 18 साल और बाकी दोनों की उम्र 22 साल है।
जैकी श्रॉफ ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात
इस बीच, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात बोरीवली में बप्पी लाहिड़ी मार्ग के नामकरण कार्यक्रम के दौरान हुई। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना से फिल्म जगत में चिंता का माहौल है। इससे पहले रविवार देर रात उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचे थे।शिंदे ने मुलाकात के बाद अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा था कि अब आपराधिक नेटवर्क को फिर से जड़ से उखाड़ने का समय आ गया है। उन्होंने कहा था कि अपराधियों को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कनेक्शन की जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात का संबंध वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में गिरोह ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी रेहान का कथित तौर पर अनिल पंडित से संपर्क था,जिसे बिश्नोई गिरोह का सहयोगी बताया जा रहा है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
वहीं, एक कथित ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें अनिल पंडित सलमान खान के साथ काम करने को लेकर टाइगर श्रॉफ को कथित तौर पर चेतावनी दिए जाने की बात कहता सुनाई देता है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, घटना के बाद फिल्म जगत से जुड़े संगठनों ने कलाकारों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज और ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है।
