फिल्म आदिपुरुष के 'राम' प्रभास इस साल करेंगे रावण दहन, दिल्ली के लव कुश रामलीला के लिए एक्टर को मिला इनविटेशन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2022, 12:42 AM IST

Prabhas To Burn Effigy Of Ravan This Year: जाने-माने अभिनेता प्रभास इस साल दिल्ली में 10 दिनों तक चलने वाले दशहरा पर्व में शामिल होंगे। खबरों के अनुसार, लव कुश रामलीला में विजयदशमी के दिन प्रभास रावण का दहन करते हुए नजर आएंगे।

फिल्म आदिपुरुष के 'राम' प्रभास इस साल करेंगे रावण दहन, दिल्ली के लव कुश रामलीला के लिए एक्टर को मिला इनविटेशन

Prabhas To Burn Effigy Of Ravan This Year On Vijay Dashami: ना ही सिर्फ साउथ में बल्कि हिंदी बेल्ट में भी अभिनेता प्रभास की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। बाहुबली: द बिगिनिंग, बाहुबली: द कंक्लूजन, साहो और राधे श्याम जैसी फिल्मों से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके अभिनेता आए दिन सुर्खियों में छाए रहते हैं। हाल ही में एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनने के बाद उनके फैंस खुशी से झूम उठे हैं। कुछ खबरों के अनुसार, दिल्ली में 10 दिनों तक चलने वाले दशहरा पर्व में प्रभास शामिल होने वाले हैं। 

जी हां, प्रभास को दिल्ली के लव कुश रामलीला में देखा जाएगा। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि यह भी कहा जा रहा है कि प्रभास इस साल लव कुश रामलीला में रावण का दहन करते हुए भी नजर आएंगे। यह पर्व 26 सितंबर से प्रारंभ होगा और 5 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन समाप्त हो जाएगा। लव कुश रामलीला के कमेटी हेड ने यह कहा है कि यह सब प्रभास की आगामी फिल्म आदिपुरुष के प्रमोशन का हिस्सा होगा। 

एएनआई से बात करते हुए लव कुश रामलीला कमेटी के हेड अर्जुन कुमार ने कहा कि 'प्रभास अपनी आगामी फिल्म आदिपुरुष में भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, इसीलिए रावण का दहन करने के लिए उनसे बेहतर कौन होगा। हर साल की तरह इस साल भी तीन पुतले होंगे; पहला रावण का, दूसरा कुंभकरण का और तीसरा मेघनाद का और प्रभास अपने तीर से इन तीनों का दहन करेंगे।'  

आदिपुरुष के साथ प्रभास को तेलुगू फिल्म सलार में भी देखा जाएगा। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी सलार फिल्म में प्रभास के साथ श्रुति हसन भी नजर आएंगी। यह फिल्म इस वर्ष 28 सितंबर को रिलीज होने वाली है। इसके साथ एक्टर को दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन के साथ प्रोजेक्ट के में भी देखा जाएगा।

End of Article