Amitabh on No Helmet Controversy: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने बीते दिनों अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वो एक अजनबी व्यक्ति की बाइक पर बैठे नजर आ रहे थे। बिग बी ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा था कि बाइक की वजह से वो समय पर शूटिंग करने पहुंच गए, वरना वो लेट हो जाते। बिग बी के बाद अनुष्का शर्मा ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की, जिसमें वो ट्रैफिक से बचने के लिए बाइक पर बैठती नजर आ रही थीं। अनुष्का शर्मा और बिग बी के इन सोशल मीडिया पोस्ट्स की वजह से इंटरनेट पर हंगामा मच गया और लोगों ने ट्रैफिक पुलिस से इनका चालान काटने को कहा क्योंकि ये बिना हेलमैट पहने बाइक सवारी करते दिख रहे थे।
बिग बी ने इस मामले में बयान जारी कर बताया है कि उनकी तस्वीर एक शूटिंग सेट की थी, जिसके लिए पुलिस से पहले ही परमीशन ली जा चुकी थी। बिग बी ने बयान जारी करते हुए कहा है, 'सच्चाई यह है कि यह तस्वीर मुंबई में हो रही ऑन लोकेशन शूट की थी। यह संडे का दिन था और शूटिंग के लिए पुलिस से फॉर्मल परमीशन ली जा चुकी थी। क्योंकि हम शूट कर रहे थे तो पुलिस ने रास्ता बंद कर रखा था। इस तस्वीर में मैं जो कपड़े पहने दिख रहा हूं वो मेरी फिल्म की कॉस्ट्यूम ही है।'
बता दें बिग बी को करोड़ों लोग फॉलो करते हैं, ऐसे में उनसे किसी को यह उम्मीद नहीं रहती है कि वो यूं नियम तोड़ेंगे। उनकी तस्वीर जैसे ही वायरल हुई लोगों ने बिग बी पर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि अब उनके आधिकारिक बयान ने लोगों के गुस्से को शांत जरूर किया होगा।
