Film Adipurush Teaser: आदिपुरुष (Adipurush) साल 2023 की सबसे मचअवेटेड फिल्मों में से एक है। जब से फिल्म की घोषणा हुई है तब से यह सुर्खियों में बनी हुई है। पोस्टर को रिलीज हुए काफी समय हो चुका है और तभी से फैंस टीजर का इंतजार कर रहे हैं। अब आखिरकार इंतजार खत्म हो गया है क्योंकि निर्माताओं ने 02 अक्टूबर, 2022 को आदिपुरुष का टीजर रिलीज कर दिया है। प्रभास और कृति सेनन की केमेस्ट्री टीजर में बेहद खूबसूरत दिख रही है। वहीं विलेन के रोल में सैफ अली खान काफी जच रहे हैं। भारी भरकम बजट से बनी ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष का टीजर देखने के बाद सबकी उत्सुकता और बढ़ गई है। अब दर्शक बेसब्री से फिल्म रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।
आदिपुरुष के निर्माताओं ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या की पवित्र भूमि में सरयू के तट पर गांधी जयंती के अवसर पर टीजर जारी किया है। इस कार्यक्रम में अभिनेता प्रभास और कृति सेनन के साथ निर्देशक ओम राउत और निर्माता भूषण कुमार भी मौजूद रहे। आदिपुरुष का टीजर देखने के बाद प्रशंसक काफी उत्साहित हो गए और ट्विटर पर 'आदिपुरुष मेगा टीजर रिलीज' ट्रेंड कर रहा है।
रामायण पर आधारित है आदिपुरुष की कहानी
फिल्म आदिपुरुष महाकाव्य रामायण पर आधारित है, जो कि बुराई पर अच्छाई की जीत को दिखाएगी। प्रभास, भगवान राम का किरदार निभाते नजर आएंगे। जबकि कृति सीता का किरदार निभाएंगी। फिल्म में सनी सिंह भी हैं जो लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे और सैफ अली खान जो रावण का किरदार निभाएंगे। ये फिल्म 12 जनवरी, 2023 को आईमैक्स और 3डी में हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी।
