Indore Lok Sabha Seat: इंदौर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को मतदान से पहले ही हार मिल गई है। इस सीट से नामांकन वापस लेने की अंतिम दिन कांग्रेस उम्मीदवार ने तो अपना नामांकन वापस लिया ही है, साथ ही 8 और उम्मीदवारों ने इंदौर सीट से अपना नामांकन वापस ले लिया है। कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी भी ज्वाइन कर लिया। हालांकि इस सीट पर सूरत जैसे मामला बनता नहीं दिख रहा है क्योंकि अभी भी 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, मतलब बीजेपी को यहां निर्विरोध जीत नहीं मिलेगी। मतदान होगा ही।
कौन थे वो 9 उम्मीदवार
इन नौ लोगों में तो कांग्रेस के उम्मीदवार अक्षय कांति बम का नाम तो सबसे ऊपर है ही, इनके अलावा और आठ लोग इस लिस्ट में शामिल हैं। जिसमें नीलाधर चौहान, सुनील अहिरवार, नासिर खान, दिलीप ठाकुर, भावना संगेलिया, धर्मेंद्र सिंह झाला, जयदेव परमार, विजय इंगले के नाम शामिल हैं।
कौन-कौन उम्मीदवार इंदौर से मैदान में
अब जो इंदौर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बचे हैं, उसमें बीजेपी के शंकर लालवानी तो हैं ही, इसके अलावा एडवोकेट पंकज गुप्ता, अंकित गुप्ता, संजय सोलंकी, अर्जुन परिहार ,अभय जैन, पवन कुमार ,अयासअली, बसंत गहलोत, रवि सवैया, लावेश खंडेलवाल, परमानंद तोलानी, अजीत सिंह, मुदित चौरसिया भी मैदान में हैं।
कांग्रेस के पास क्या है ऑपशन
इतना तो साफ हो गया है कि इंदौर सीट पर कांग्रेस का कोई उम्मीदवार नहीं होगा। 74 साल में यह पहली बार है जब कांग्रेस मतदान से पहले ही इंदौर से आउट हो गई है। अब कांग्रेस के सामने एक ही विकल्प है। किसी निर्दलीय को सपोर्ट करके, उसे जिताने की कोशिश करे। अपने मतदाताओं के सामने एक विकल्प दे। हालांकि कांग्रेस किसे सपोर्ट करेगी, ये अभी फाइनल नहीं हुआ है।
