इलेक्शन

दूसरे चरण की वोटिंग के लिए बंगाल तैयार, हर बूथ पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, वोटरों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

Bengal Phase 2 Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए CAPF ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया है। नागरिकों के लिए 24x7 हेल्पलाइन भी जारी की गई है।

Image

सोशल मीडिया से लेकर पोलिंग बूथ तक सख्त मॉनिटरिंग

Photo : Times Now Digital

Bengal Phase 2 Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पहले चरण का मतदान काफी शांतिपूर्ण रहा था, जिसे देखते हुए अब दूसरे चरण को भी बिना किसी परेशानी के संपन्न कराने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से CAPF की ओर से एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे चुनाव की निगरानी की जा रही है। पूरे राज्य को 7 अलग-अलग क्लस्टर में बांटा गया है। हर क्लस्टर में करीब 3 पुलिस जिले या पुलिस कमिश्नरेट शामिल हैं। इस व्यवस्था से सुरक्षा (Bengal election security) और निगरानी को बेहतर बनाया गया है। कंट्रोल रूम में 24 घंटे लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।

हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कंट्रोल रूम को कई हिस्सों में बांटा गया है। एक हिस्से में जमीन से आने वाली जानकारी सीधे पहुंचती है। यहां से ही सुरक्षाबलों की तैनाती, उनकी मूवमेंट और जरूरत पड़ने पर क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को भेजने का काम किया जाता है। दूसरे हिस्से में लाइव जीपीएस मैप्स के जरिए सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस कंट्रोल रूम की खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग सुरक्षा बलों के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। इसमें बीएसएफ, सीआईएसएफ, CRPF, ITBP, स्टेट आर्म्ड पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी शामिल हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिस भी मतदान केंद्र पर कोई फोर्स तैनात है, उसे तुरंत निर्देश दिए जा सकें और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जा सके।

कंट्रोल रूम से सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर भी रखी जा रही नजर

इसके अलावा, कंट्रोल रूम से सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अफवाह या गलत जानकारी को तुरंत रोका जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि मतदान पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से हो। साथ ही, नागरिकों की मदद के लिए 24x7 हेल्पलाइन भी शुरू की गई है, जो 10 मई 2026 तक चालू रहेगी। इस हेल्पलाइन के जरिए लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, सुझाव दे सकते हैं या किसी भी तरह की मदद ले सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी शिकायतों को गोपनीय तरीके से लिया जाएगा और उन पर जल्दी कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article