शहर

अबतक 15 गिरफ्तारी, 7 से ज्यादा FIR... उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़ने पर घमासान, CCTV और ड्रोन से निगरानी

Ujjain Violence: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बवाल मचा हुआ है। सोमवार को हालात ऐसे हो गए कि पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और हल्का बल प्रयोग भी किया गया। चलिए समझते हैं आखिर मामला क्या है।

Image

उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़ने पर घमासान

Photo : PTI

Ujjain Shahi Masjid: मध्य प्रदेश का उज्जैन इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। साल 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ के मद्देनजर जारी सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत एक मस्जिद का हिस्सा गिराए जाने के दौरान सोमवार को भारी बवाल हुआ। कुछ स्थानीयों ने मौके पर तैनात पुलिसबल पर पथराव किया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पथराव की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और हल्का बल प्रयोग भी किया। फिलहाल, इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को भी तैनात किया गया है।

CCTV और ड्रोन से हो रही निगरानी

उज्जैन के एसपी प्रदीश शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि सात से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं। बकौल पुलिस, सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए इलाके में निगरानी की जा रही है।

शाही मस्जिद के हिस्से को तोड़ने पर मचा बवाल

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एसपी प्रदीश शर्मा ने बताया कि सिंहस्थ 2028 को लेकर सभी पक्ष सहमति से काम कर रहे हैं और इसी सिलसिले में शाही मस्जिद के हिस्से को तोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के मंदिर-मस्जिद कमेटी के सदस्यों की ओर से यह काम किया जा रहा है।

Ujjain Masjid Row

उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़ने पर घमासान

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रस्तावित कार्रवाई में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शाही मस्जिद के करीब 9 फुट लंबे और 4 फुट चौड़े हिस्से को हटाना शामिल है। उन्होंने बताया कि इसे हटाने के लिए कथित तौर पर रविवार देर रात मंदिर-मस्जिद समिति और प्रशासन के बीच सहमति भी बनी थी।

उज्जैन में सुरक्षा अलर्ट जारी

उज्जैन में 2,500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है। साथ ही मौके पर एसपी प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पूरे शहर में अलर्ट जारी किया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article