ऑटो न्यूज़

Maruti Suzuki का मेगा प्लान! नेक्स्ट-जेन डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो इंजन के साथ आएंगी गाड़ियां

Suzuki Motor अपने ग्राहकों के लिए नेक्स्ट जेनरेशन पावरट्रेन टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है। कंपनी का कहना है कि अलग-अलग टेक्नोलॉजी को अलग-अलग बाजारों की जरूरत और एनर्जी सप्लाई को ध्यान में रख कर तैयार किया जा रहा है।

Image

नेक्स्ट-जेन डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो इंजन के साथ आएंगी मारुति गाड़ियां

Suzuki Motor Corporation अपने बाजारों के लिए नेक्स्ट जेनरेशन पावरट्रेन टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है, जिसमें भारत भी शामिल है। कंपनी ने हाल ही में कई नई तकनीकों की जानकारी साझा की है, जिसमें Series Hybrid Electric Vehicle, प्लग-इन क्षमता वाला Range Extender Hybrid और नया Direct-Injection Turbocharged इंजन शामिल है। Suzuki का कहना है कि इन तकनीकों को अलग-अलग बाजारों की जरूरत, एनर्जी सप्लाई और इंफ्रास्ट्रक्चर को ध्यान में रखकर डेवलप किया जा रहा है।

दमदार ड्राइविंग परफॉर्मेंस देंगी गाड़ियां

टेक्नोलॉजी ब्रीफिंग के दौरान Suzuki ने अपने नए डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो इंजन को DITC नाम दिया है। कंपनी के अनुसार, यह नेक्स्ट जेनरेशन इंजन होगा, जिसे बेहतर एफिशिएंसी के साथ दमदार ड्राइविंग परफॉर्मेंस देने के लिए डेवलप किया जा रहा है। हालांकि, Suzuki ने अभी इस इंजन की पावर, टॉर्क, इंजन क्षमता या माइलेज से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा नहीं की है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि भारत में इसे किस मॉडल में पेश किया जाएगा।

भारत में आएगा डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो इंजन

Suzuki ने कहा कि वह भारत जैसे मार्केट्स के लिए DITC विकसित कर रही है, जो हाई एफिशिएंसी के साथ पावरफुल ड्राइविंग देने पर केंद्रित होगा। ऐसे में आने वाले समय में Maruti Suzuki की कुछ कारों में ज्यादा पावर और बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी के बीच संतुलन देखने को मिल सकता है।

CNG और बायोगैस विकल्पों पर भी हो रहा काम

कंपनी का फोकस केवल पेट्रोल इंजन तक सीमित नहीं है। Suzuki अलग-अलग बाजारों के लिए हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन भी तैयार कर रही है। भारत में Maruti Suzuki पेट्रोल इंजन की एफिशिएंसी बढ़ाने के साथ-साथ CNG और बायोगैस जैसे विकल्पों पर भी काम कर रही है।

भविष्य का ईंधन विकल्प हो सकती है सीबीजी

Suzuki के अनुसार, भारत में CNG वाहनों की बिक्री में हिस्सेदारी करीब 40% है। कंपनी का दावा है कि सालाना 10,000 किलोमीटर चलने पर CNG वाहन, पेट्रोल वाहन की तुलना में लगभग 155 किलोग्राम कम CO2 उत्सर्जित करता है और ईंधन खर्च में करीब 40% तक की कमी ला सकता है। इसके अलावा, Suzuki सीबीजी (Compressed Bio Gas) को भी भविष्य के ईंधन विकल्प के तौर पर देख रही है। कंपनी के मुताबिक, गोबर जैसे स्रोतों से बनने वाली CBG का इस्तेमाल मौजूदा CNG वाहनों और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ किया जा सकता है।

Suzuki ने Z12E इंजन की मौजूदा करीब 40% थर्मल एफिशिएंसी रेंज को और बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा है। कंपनी 50% से ज्यादा थर्मल एफिशिएंसी हासिल करने की दिशा में भी काम कर रही है। इससे साफ है कि भविष्य की Suzuki कारों में सिर्फ इलेक्ट्रिफिकेशन ही नहीं, बल्कि पारंपरिक इंजन की एफिशिएंसी बढ़ाने पर भी खास जोर रहेगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article