मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने 15 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पश्चिम बंगाल समेत सभी राज्यों में विधानसभा चुनाव पूरी तरह भयमुक्त, हिंसा मुक्त और बिना किसी प्रलोभन के कराए जाएंगे। इसी आश्वासन को लागू करने के लिए चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के बाद यह फैसला लिया। आयोग ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं और राज्य सरकार को आदेश तुरंत लागू करने को कहा गया है।
कई जिलों के एसपी बदले, नए पुलिस आयुक्त और एडीजी तैनात
आयोग के आदेश के मुताबिक कई जिलों में पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसके साथ ही उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के लिए नए एडीजी और आईजी की तैनाती की गई है। आसनसोल दुर्गापुर, हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर में नए पुलिस आयुक्त नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा कूचबिहार, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, मालदा, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, हुगली ग्रामीण, डायमंड हार्बर और अन्य जिलों में नए एसपी तैनात किए गए हैं।
चुनाव खत्म होने तक नहीं मिलेगी चुनाव से जुड़ी पोस्टिंग
चुनाव आयोग ने अपने आदेश में साफ कहा है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव से जुड़े पद पर तैनात नहीं किया जाएगा। आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि सभी आदेश तुरंत लागू किए जाएं और अधिकारियों के नई जगह जॉइन करने की रिपोर्ट 18 मार्च सुबह 11 बजे तक भेजी जाए।
निष्पक्ष और हिंसा मुक्त चुनाव कराने पर आयोग का जोर
चुनाव आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोग का कहना है कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हो, इसके लिए जरूरत पड़ने पर आगे भी प्रशासनिक बदलाव किए जाएंगे।
