इलेक्शन

2021 के आंकड़ों में बंगाल का रण, हर सीट का जानिए समीकरण; कैसे ममता ने मारी थी हैट-ट्रिक

West Bengal Election 2026 के बीच जानें 2021 के चुनाव के क्या थे आंकड़े। 2026 के पहले चरण की वोटिंग के दिन देखिए 2021 में क्या था बंगाल के चुनाव का हाल।

Image

2021 के बंगाल चुनाव के आंकड़े

Photo : Times Now Digital

West Bengal Election 2026: आज, गुरुवार को पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान हो रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व के बीच 2021 के उन आंकड़ों को समझना जरूरी है, जिन्होंने बंगाल की राजनीति की दिशा तय की थी। 2021 के नतीजे केवल एक पार्टी की जीत की कहानी नहीं थे, बल्कि वे कड़े संघर्ष और 'एक-एक वोट' की कीमत बताने वाले आंकड़े भी थे।

ममता की हैट्रिक और प्रचंड बहुमत का गणित

2021 के विधनसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (AITC) ने ममता बनर्जी के नेतृत्व में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। कड़े मुकाबले के बीच TMC ने न केवल सत्ता बचाई, बल्कि प्रचंड बहुमत हासिल किया। 2021 में कुल सीटें 294 थीं यानी बहुमत का आंकड़ा था 148, जिसमें से AITC ने 215 सीटें जीतकर बहुमत से 67 सीटें आगे रही।

BJP ने जीती 77 सीटें

आंकड़ों के लिहाज से TMC ने 73.1% सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि बीजेपी 26.2% सीटों पर सिमट गई। हालांकि, बीजेपी ने 2016 की तुलना में अपनी स्थिति को काफी मजबूत किया था। भाजपा ने 77 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी।

वोटर टर्नआउट: कोरोना काल में भी दिखा जज्बा

कोविड-19 प्रोटोकॉल के बीच 8 चरणों में हुए इस चुनाव में बंगाल के मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। उसके पहले के चुनाव यानी 2016 के विधानसभा इलेक्शन से तुलना करें तो 2021 का टर्नआउट 82.3% रहा, 2016 के 83.2% से मात्र 0.9% कम। यह आंकड़ा दिखाता है कि बंगाल की जनता अपनी लोकतांत्रिक शक्ति के प्रति कितनी सजग है।

7 सीटों पर मार्जिन ऑफ विक्ट्री रही बेहद कम

एडीआर (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 के चुनाव में कई सीटों पर मुकाबला इतना कड़ा था कि जीत-हार का अंतर बेहद मामूली रहा। राज्य की 7 सीटों पर जीत का अंतर 1000 वोटों से भी कम था। चुनाव में हर एक वोट कितना कीमती है और थोड़ा सा झुकाव पूरे नतीजे को पलट सकता है, ये आंकड़े यही दिखाते हैं।

2021 से 2026 तक का सफर

2021 के चुनाव ने दिखाया कि जीत का मतलब हमेशा भारी जनसमर्थन नहीं होता, बल्कि कई बार रणनीतिक बढ़त और कम मार्जिन का खेल भी सत्ता तय कर देता है। आज जब 2026 के लिए मतदान हो रहा है, तो राजनीतिक दलों की नजरें उन कम मार्जिन वाली सीटों पर जरूर होंगी, जहां पिछली बार बाजी हाथ से फिसल गई थी। 4 मई को आने वाले नतीजे बताएंगे कि क्या 2021 का इतिहास दोहराया जाएगा या बंगाल नया अध्याय लिखेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article