इलेक्शन

West Bengal Election: दूसरे चरण के चुनाव से पहले सक्रिय हुए अमित शाह, नेताओं से की मीटिंग; हर सीट पर 20 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य

West Bengal Election: पहले चरण की वोटिंग से पहले ही बीजेपी दूसरे चरण की तैयारी में जुट गई है। अमित शाह ने प्रत्येक सीट पर कम से कम 20,000 वोट बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।

Image

पश्चिम बंगाल के नेताओं के साथ अमित शाह की मीटिंग (फोटो- BJP4Bengal)

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग में भले ही एक दिन अभी बचा हो, उससे पहले ही बीजेपी दूसरे चरण की तैयारी में जुट गई है। दूसरे चरण के चुनाव को लेकर Amit Shah ने पार्टी की रणनीति की गहन समीक्षा की है। कोलकाता में आयोजित इस अहम बैठक में उन्होंने हर विधानसभा सीट की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति का विस्तार से आकलन किया और जमीनी स्तर पर मजबूती लाने पर जोर दिया।

हर सीट पर 20,000 वोट बढ़ाने का लक्ष्य

सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने पार्टी नेताओं को स्पष्ट लक्ष्य देते हुए कहा कि प्रत्येक सीट पर कम से कम 20,000 वोट बढ़ाए जाएं। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं तक सीधा संपर्क बढ़ाने और समर्थकों को सक्रिय रूप से जोड़ने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मीटिंग में कौन-कौन थे शामिल?

करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में 13 जिलों के प्रभारी, प्रवासी कार्यकर्ता और स्थानीय संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया और जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए। बताया जा रहा है कि Amit Shah 27 अप्रैल तक Kolkata में ही रुककर अगले चरण के मतदान की तैयारियों की निगरानी करेंगे। इसका उद्देश्य संगठनात्मक रणनीति को और मजबूत करना और चुनावी प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।

पहले चरण की तैयारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए प्रचार मंगलवार को समाप्त हो गया, जिसमें खान-पान की आदतों, सीमा पार से घुसपैठ, समान नागरिक संहिता और संशोधित मतदाता सूची जैसे मुद्दे छाए रहे। दो बड़े प्रतिद्वंद्वियों भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने 23 अप्रैल को उत्तरी बंगाल के 152 निर्वाचन क्षेत्रों और राज्य के दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में मतदान से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए कई वादे किए। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान कर सकेंगे। इन मतदाताओं में लगभग 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article