West Bengal Assembly Election 2026 : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी भी तेज हो गई है। खासकर भारतीय जनता पार्टी बंगाल में बढ़त बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। पार्टी के कई शीर्ष नेता और तमाम राज्यों के सीएम ममता के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को भाजपा के आसनसोल दक्षिण सीट से उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के समर्थन में रोड शो किया और 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत पर विश्वास जताया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति और वहां की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कई तीखे बयान दिए हैं। कहा कि अब 'ममता दीदी' गईं और टीएमसी का जाना तय है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जैसे-जैसे मतदान का दिन करीब आ रहा है, उनका विश्वास और मजबूत होता जा रहा है कि बंगाल की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उनका मानना है कि पिछले कई वर्षों से राज्य के लोग डर और भय के माहौल में जी रहे हैं और अब वे बदलाव चाहते हैं। रेखा गुप्ता ने यह दावा भी किया कि जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है और वह एक नई शुरुआत की उम्मीद कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। चुनाव परिणाम के बाद जो नया सवेरा आएगा, वह राज्य के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा, जिसमें हर नागरिक के लिए सम्मान, सुरक्षा और विकास की भावना होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी दृष्टि में भविष्य का बंगाल भयमुक्त और विकास आधारित शासन की ओर आगे बढ़ेगा।
महिलाओं को मिलेगी सम्मान राशि-रेखा गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही माताओं, बहनों और बेटियों के लिए सम्मान और सुरक्षा का एक नया युग शुरू होगा। भाजपा के वादों को गिनाते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की सहायता मिलेगी। बेटियों की शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। लखपति दीदी अभियान के माध्यम से 75 लाख बहनों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। गरीब परिवारों को मुफ्त राशन दिया जाएगा और किसी के भी अधिकार नहीं छीने जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा टीएमसी सरकार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है और महिला सीएम होने के बावजूद कई लोग यहां खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं। इसके साथ ही, उन्होंने रोजगार, किसानों की स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि जनता बदलाव चाहती है।
इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के एक साधारण दुकान से झालमुरी लेकर खाने को टीएमसी द्वारा पब्लिक स्टंट बताए जाने पर पलटवार किया। दिल्ली की सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसे नेता हैं जो देश के हर वर्ग से जुड़े हुए हैं, चाहे वह मजदूर हो, किसान हो या आम नागरिक। ऐसे नेता के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। प्रधानमंत्री हमेशा से ही जनता के बीच रहने वाले नेता रहे हैं और वे हर वर्ग के साथ सहजता से जुड़ते हैं।
शराब घोटाले का जिक्र
वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा शराब घोटाले मामले में जज बदलने की याचिका खारिज होने पर सीएम रेखा ने कहा कि हाई कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले ने न्यायपालिका की निष्पक्षता को एक बार फिर साबित किया है। न्यायपालिका पर सवाल उठाना सही नहीं है और अदालतों के निर्णयों का सम्मान किया जाना चाहिए। रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि जब किसी मामले में निर्णय किसी के पक्ष में आता है तो उसे स्वीकार किया जाता है, लेकिन विपरीत स्थिति में संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश बताया।
