इलेक्शन

Bihar Election 2025: 'यह छल है, धोखा है', NDA में सीट बंटवारे को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने किया पोस्ट, दी ये जानकारी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, लेकिन सीट बंटवारे को लेकर दोनों प्रमुख गठबंधनों, NDA और महागठबंधन में अब तक स्पष्टता नहीं आ पाई है। जहां एक ओर दलों की बैठकों का सिलसिला जारी है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया और चौक-चौराहों पर अटकलों का बाजार गर्म है।

Image

कुशवाहा ने किया X पर पोस्ट (फाइल फोटो|PTI)

Photo : PTI

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर गणित उलझा हुआ है। इस सूत्र का हल पार्टियां नहीं ढूंढ पाई हैं। दोनों गठबंधनों में शामिल दल भले ही सभी कुछ ठीक ठाक होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन अबतक सीट बंटवारे की घोषणा नहीं की गई है। चौक-चौराहों की चर्चाओं में तरह-तरह के कयास लगने लगे हैं।

क्या कहा कुशवाहा ने

इधर, विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर NDA की एक बैठक आज दिल्ली में होने की चर्चा है, लेकिन NDA में शामिल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के सोशल मीडिया के एक पोस्ट कर कहा कि अभी चर्चा चल रही है, प्लांट की गई खबरों पर ध्यान मत दीजिए।

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सीटों पर वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने आज सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, "इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। मुझे नहीं पता कि मीडिया में कैसे खबर चल रही है। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह छल है, धोखा है। आप लोग ऐसे ही सजग रहिए।"

चिराग के नाराजगी की भी थीं खबरें

उल्लेखनीय है कि NDA के सहयोगी दल भाजपा और जदयू के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों दलों ने उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की है। इससे पहले लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की भी नाराजगी की खबरें चर्चा में थीं। हालांकि कहा जा रहा है कि उनकी नाराजगी दूर कर दी गई है।

'NDA में फुटव्वल'

उधर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, "महागठबंधन में कहीं कोई समस्या नहीं है। सब ठीक है। सीट बंटवारे का फैसला हो चुका है और बहुत जल्द इसकी घोषणा की जाएगी। NDA में सिर फुटव्वल है, लेकिन हमारे यहां सब ठीक है... भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन बिहार चुनाव में अपना अस्तित्व बचाने के लिए वह नगरी-नगरी, द्वारे-द्वारे जा रही है। आज दिल्ली से पटना तक बैठकों का दौर चल रहा है, फिर भी वहां सब ठीक नहीं है

पहले चरण का नामांकन जारी

उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने महापर्व छठ पूजा के बाद चुनाव की तारीखें तय की हैं। पहले चरण में बिहार में छह नवंबर को 18 जिलों के 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे जबकि दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी। पहले चरण को लेकर प्रत्याशी अब नामांकन का पर्चा भी भरने लगे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article